हाथरस में मेला श्रीदाऊजी महाराज में शुक्रवार देर रात आयोजित लाफ्टर शो में हजारों की भीड़ उमड़ पड़ी। पंडाल और प्रवेश द्वारों पर भीड़ इतनी बढ़ गई कि लोगों को धक्का-मुक्की के बीच प्रवेश के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। भीड़ नियंत्रित करने में पुलिस को भी काफी परेशानी हुई। इस दौरान पुलिस ने लाठियां फटकारीं और पुलिसकर्मियों से हाथापाई की बात भी सामने आई। लाफ्टर शो में रुबा खान, गुलजार, खासा आला चहर, नंदिनी शर्मा और त्रिलोकी पोपट बॉय समेत अन्य कलाकारों ने प्रस्तुति दी। कलाकारों को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए। भीड़ बढ़ने के साथ ही पंडाल के बाहर और प्रवेश द्वारों पर व्यवस्था बिगड़ती नजर आई। भीड़ में गिरकर होमगार्ड घायल, एंबुलेंस नहीं मिली कार्यक्रम के दौरान ड्यूटी पर तैनात एक होमगार्ड भी भीड़ में गिरकर घायल हो गया। बताया गया कि घायल होमगार्ड को अस्पताल पहुंचाने के लिए काफी देर तक एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। इसके बाद एसडीएम सदर की गाड़ी से उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। VVIP पास लेकर भी प्रवेश के लिए जूझते रहे लोग कार्यक्रम में VVIP पास की व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे। कई युवा हाथ में पास लेकर पंडाल में प्रवेश के लिए पुलिस और व्यवस्था संभाल रहे लोगों के बीच जद्दोजहद करते दिखाई दिए। इसे लेकर लोगों ने नाराजगी जताई। भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल चोरी धक्का-मुक्की और भीड़ के बीच चोरी की घटना भी सामने आई। मुरसान किला निवासी अल्फेज खान ने बताया कि भीड़ के दौरान उसका मोबाइल फोन चोरी हो गया। युवक ने मोबाइल गायब होने की जानकारी दी है। भीड़ नियंत्रण व्यवस्था पर उठे सवाल बड़े कलाकारों के कार्यक्रम में हजारों लोगों के पहुंचने के बाद मेला प्रशासन और प्रबंधन की भीड़ नियंत्रण व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए। धक्का-मुक्की, पुलिस द्वारा लाठियां फटकारने की घटना, VVIP पासधारकों की परेशानी, घायल होमगार्ड को तत्काल एंबुलेंस नहीं मिलना और मोबाइल चोरी की घटना से व्यवस्थाओं को लेकर लोगों में नाराजगी दिखाई दी।

