हाईकोर्ट के आदेश पर चला प्रशासन का बुलडोजर:सीधी में 20 साल पुराने मकान को ढहाया, 2 लोग हिरासत में

हाईकोर्ट के आदेश पर चला प्रशासन का बुलडोजर:सीधी में 20 साल पुराने मकान को ढहाया, 2 लोग हिरासत में

सीधी जिले के बंजारी गांव में रविवार को प्रशासन ने हाईकोर्ट के आदेश पर अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। इस दौरान अन्नू सिंह और मनोज सिंह की जमीन पर बने एक मकान को ढहा दिया गया। यह कार्रवाई एसडीएम गोपद बनास प्रिया पाठक के नेतृत्व में हुई। यह कार्रवाई रविवार सुबह करीब 8 बजे शुरू होकर दोपहर 1 बजे तक चली। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात था, जिसमें कोतवाली थाना, जमोड़ी थाना और पुलिस लाइन की टीमें शामिल थीं। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली और प्रशासनिक अमले की मौजूदगी में मकान को ढहाया गया। मकान में रह रहे लल्ली बसोर ने प्रशासन की इस कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि वह पिछले लगभग 20 वर्षों से अपने परिवार के साथ यहां मकान बनाकर रह रहे थे। लल्ली बसोर के अनुसार, करीब 20 साल पहले उन्होंने कहीं और मकान बनाया था, लेकिन कुछ दबंगों ने उन्हें वहां से हटा दिया था। इसके बाद उन्हें इसी जमीन के आखिरी छोर पर मकान बनाकर रहने को कहा गया था, जिसके बाद से उनका परिवार यहीं निवास कर रहा था। उन्होंने बताया कि उनके परिवार में पांच सदस्य हैं और मकान टूटने के बाद सभी बेघर हो गए हैं। बरसात के मौसम को देखते हुए उन्होंने रहने की व्यवस्था को लेकर चिंता व्यक्त की। परिवार के पास रहने के लिए कोई दूसरा घर नहीं है और प्रशासन की ओर से भी किसी वैकल्पिक व्यवस्था की जानकारी नहीं दी गई है। वहीं, एसडीएम प्रिया पाठक ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में की गई है। उन्होंने बताया कि न्यायालय द्वारा निर्णय दिए जाने के बाद अतिक्रमण को तत्काल हटाने के निर्देश मिले थे, जिसके बाद प्रशासनिक और पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से रविवार को यह कार्रवाई की। अतिक्रमण हटाने की इस कार्रवाई के दौरान विरोध प्रदर्शन भी हुआ। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *