हांसी के राजकीय महाविद्यालय के नजदीक हनुमान कॉलोनी के सामने स्थित रजवाहे में शनिवार सुबह एक अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव की हालत इतनी खराब थी कि महिला की पहचान नहीं हो पाई। शव का कमर से नीचे का पूरा हिस्सा गायब था और शरीर पूरी तरह गल-सड़ चुका था। महिला के शरीर पर कोई कपड़ा भी नहीं था। किला बाजार चौकी के इंचार्ज पीएसआई अनिल ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 10 बजे एक राहगीर ने रजवाहे के पानी में महिला का शव होने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकलवाया। शुरुआती जांच में महिला की उम्र करीब 40 वर्ष प्रतीत हो रही है, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने फॉरेंसिक एक्सपर्ट टीम को बुलाकर जरूरी साक्षी एकत्रित किए। पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा शव पुलिस ने शव को हांसी के नागरिक अस्पताल पहुंचाया, लेकिन शव की हालत अत्यधिक खराब होने के कारण यहां पोस्टमार्टम नहीं हो सका। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पहचान के लिए पुलिस कर रही प्रयास महिला की पहचान के लिए पुलिस आसपास के क्षेत्रों में उसकी तस्वीरें प्रसारित करवा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव कितने समय से पानी में पड़ा था। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

