हांसी में नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल गुरुवार को भी जारी रही। इस दौरान शहर में तब तनाव बढ़ गया, जब हड़ताली कर्मचारियों को पता चला कि प्रशासन एजेंसी के कर्मचारियों से सफाई करवा रहा है। खबर मिलते ही बड़ी संख्या में कर्मचारी मौके पर पहुंचे और सफाई काम का विरोध करते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। हड़ताली कर्मचारियों ने आमटी तालाब और जींद चौक के पास सफाई कर रहे कर्मचारियों का विरोध किया। इसके बाद वे जींद रोड पर उस गोदाम पर भी पहुंच गए, जहां कूड़ा उठाने वाले टिप्पर खड़े होते हैं। यहां भी कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। महिला सफाई कर्मचारियों ने रास्ते में लोडर को रोका विरोध की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कर्मचारियों से रास्ता खाली करने को कहा। इसी बीच, सफाई के लिए जा रहे एक लोडर को महिला सफाई कर्मचारियों ने रास्ते में रोक लिया। इससे मौके पर काफी देर तक बहस होती रही। हड़ताल के बावजूद प्रशासन ने शहर के कई हिस्सों में सफाई करवाने की कोशिश की। वहीं, नगर परिषद के हड़ताली कर्मचारियों की संख्या लगातार बढ़ती रही। कर्मचारियों ने साफ किया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, उनका आंदोलन जारी रहेगा। मुंडन करवाकर विरोध करेंगे कर्मचारी सफाई कर्मचारियों ने अब आंदोलन को तेज करने का फैसला किया है। कर्मचारियों के मुताबिक, शुक्रवार को वे मुंडन करवाकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ विरोध जताएंगे। कर्मचारियों का कहना है कि 29 दिन से चल रही हड़ताल के बाद भी उनकी मांगों पर कोई हल नहीं निकला है। इसलिए उन्हें आंदोलन को और बढ़ाना पड़ रहा है।

