हल की नोक से घड़े में प्रकट हुईं मां जानकी:जनकपुरी में गूंजे बधाई गीत, जनक-सुनयना ने बांटी मिठाई

हल की नोक से घड़े में प्रकट हुईं मां जानकी:जनकपुरी में गूंजे बधाई गीत, जनक-सुनयना ने बांटी मिठाई

रामलीला मैदान में शनिवार को मां जानकी के प्राकट्य का मंचन किया गया। राजा जनक खेत में हल चला रहे थे, तभी हल की नोक एक घड़े से टकराई। घड़े से मां जानकी का प्राकट्य होते ही जनकपुरी में बधाई गीत गूंजने लगे। जनक और महारानी सुनयना ने बाल स्वरूप मां जानकी को गोद में लेकर जन्मोत्सव मनाया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाए और महिलाओं ने मंगल गीत गाकर नृत्य किया। उत्तर भारत की ऐतिहासिक रामलीला में आयोजित इस प्रसंग के लिए रामलीला मैदान को मिथिला नगरी के रूप में सजाया गया था। मंच पर महाराज जनक के स्वरूप में अशोक कुमार गोयल और महारानी सुनयना के स्वरूप में लता गोयल ने हल चलाने की लीला का मंचन किया। हल घड़े से टकराया तो उसमें से मां जानकी का प्राकट्य हुआ। तीन माह की अवनि ने बाल स्वरूप मां जानकी की भूमिका निभाई। प्राकट्य के साथ ही पंडाल में ‘बधाई हो बधाई, जनक घर बेटी आई’ के स्वर गूंज उठे। श्रद्धालुओं का स्वागत शहनाई और ढोल के साथ किया गया। जनक-सुनयना ने बांटे उपहार मां जानकी के जन्मोत्सव पर राजा जनक और महारानी सुनयना ने पंडाल में उपस्थित लोगों को खिलौने, मिठाई, फल, मेवा, चॉकलेट और टॉफियां वितरित कीं। जनक परिवार की ओर से ‘जरा फूलों से सजा दो मिथिला को’ और ‘मची है धूम मिथिला में’ जैसे भजनों की प्रस्तुति दी गई। जनकपुरी महोत्सव महिला समिति की सदस्यों ने नृत्य प्रस्तुत किया। स्वरूपों की आरती राजा जनक अशोक कुमार गोयल, रानी सुनयना लता गोयल, कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य, उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, रामलीला कमेटी अध्यक्ष एवं विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, महामंत्री राजीव अग्रवाल, जनकपुरी महोत्सव समिति अध्यक्ष राजू यादव, अजय गर्ग अवागढ़, राजा दशरथ के स्वरूप संजय सिंघल और रानी कौशल्या के स्वरूप नीता सिंघल ने की। किन्नर समाज उतारेगा श्रीराम की आरती रामलीला कमेटी अध्यक्ष एवं विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने बताया कि रामायण कालीन परंपरा को आगे बढ़ाते हुए किन्नर समाज को प्रभु श्रीराम की आरती उतारने के लिए आमंत्रित किया गया है। मीडिया प्रभारी राहुल गौतम ने बताया कि शनिवार को ही विश्वामित्र आगमन और ताड़का वध लीला का मंचन भी किया जाएगा। इस अवसर पर शोभिक गोयल, स्मृति गोयल, मोहित गोयल, रिनी गोयल, अनुप्रिया, खुश, अवंतिका, अनन्या, वेदा, मुरारी लाल फतेहपुरिया, कमल नयन फतेहपुरिया, सुनीता फतेहपुरिया, मंजू बंसल, वरुण बंसल, आयुषी, शिल्पी, विकास, शिप्रा, सोनम, अनुभव, निकिता, खुशबू, अंशुल, शुभम, तान्या, राहुल, अभिषेक, शैलेंद्र बंसल, स्वीटी, राजीव मित्तल, सोनल मित्तल सहित रामलीला कमेटी के पदाधिकारी और जनक परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *