बुजुर्ग की फरियाद सुनने बैठक छोड़कर बाहर आए डीएम:विधवा पेंशन-राशन कार्ड की मांग लेकर 18 KM दूर से पहुंची थी, एस्कॉर्ट से घर भिजवाया

बुजुर्ग की फरियाद सुनने बैठक छोड़कर बाहर आए डीएम:विधवा पेंशन-राशन कार्ड की मांग लेकर 18 KM दूर से पहुंची थी, एस्कॉर्ट से घर भिजवाया

संभल में महात्मा गांधी जयंती पर डीएम अंकित खंडेलवाल की मानवीय पहल सामने आई। छुट्टी के दिन विधवा पेंशन, राशन कार्ड और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की गुहार लेकर जिला मुख्यालय पहुंची बुजुर्ग महिला की फरियाद सुनने के लिए डीएम बैठक छोड़कर बाहर आए। उन्होंने महिला का आवेदन लिया, दस्तावेजों की जांच की और पात्रता के अनुसार सभी सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। इसके बाद महिला को अपनी एस्कॉर्ट गाड़ी से घर भी भिजवाया। मामला शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे बहजोई स्थित जिला मुख्यालय का है। डीएम कार्यालय के बाहर 1 घंटे तक इंतजार की तहसील चंदौसी की नगर पंचायत करौली निवासी कैलाशो करीब 18 किलोमीटर दूर से अपनी समस्या लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचीं। वह करीब एक घंटे तक डीएम कार्यालय के बाहर बैठकर इंतजार करती रहीं। किसी कर्मचारी ने इसकी जानकारी डीएम अंकित खंडेलवाल को दी। शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जयंती का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के बाद डीएम अधिकारियों के साथ सभागार में बैठक कर रहे थे। बुजुर्ग महिला के पहुंचने की जानकारी मिलने पर वह बैठक छोड़कर तुरंत बाहर आए और उनसे जिला मुख्यालय आने की वजह पूछी। दस्तावेज देख दिए लाभ दिलाने के निर्देश कैलाशो ने डीएम को बताया कि उन्हें विधवा पेंशन, राशन कार्ड समेत कई सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। डीएम ने उनकी पूरी समस्या सुनी और दस्तावेजों की जांच की। इसके बाद संबंधित अधिकारियों को पात्रता के अनुसार सभी सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। डीएम ने महिला से कहा, “आप आश्वस्त रहिए, आपको हर पात्र सरकारी योजना का लाभ मिलेगा। जल्द ही विधवा पेंशन के साथ राशन कार्ड भी बनवाया जाएगा।” बोलीं- अब संतुष्ट हूं डीएम के सामने अपनी बात रखने के बाद कैलाशो ने कहा कि अब वह संतुष्ट हैं और उन्हें उम्मीद है कि सरकारी योजनाओं का लाभ मिल जाएगा। डीएम अंकित खंडेलवाल ने कहा कि हर पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *