हरियाणा के नारनौल में मंगलामुखी समाज के प्रधान विनोद सैनी के सुसाइड के बाद विवाद बढ़ गया है। बुधवार सुबह 5 बजे विनोद ने आत्महत्या की, शाम करीब 4 बजे किन्नरों का सोशल मीडिया पर डांस का एक वीडियो वायरल हुआ। इसमें महक किन्नर अन्य किन्नरों के साथ डांस करती नजर आ रही है। वीडियो में ‘जो बोएगा, वो पाएगा, जैसी करनी, वैसी भरनी’ गाना बज रहा है। साथ ही ‘सत्य की जीत, बुराई की हार’ लिखा है। वहीं, विनोद के परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया है। उनकी मांग है कि मामले में नामजद लोगों को गिरफ्तार किया जाए। बुधवार शाम नागरिक अस्पताल से शहर थाना तक प्रदर्शन किया गया। विनोद ने आत्महत्या से पहले 13 मिनट का वीडियो बनाया था। इनमें उसने बुलबुल किन्नर, महक किन्नर और एक अन्य किन्नर पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप लगाए थे। वहीं, बुलबुल ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को गलत बताया है। सिलसिलेवार पढ़िए, सुसाइड से डांस तक का घटनाक्रम:- क्या बोली बुलबुल…जिसका नाम सुसाइड नोट पर लिखा – बुलबुल किन्नर ने दैनिक भास्कर से बातचीत में अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताया है। उसका कहना है कि घटना वाली रात डेरे पर विनोद की पत्नी, नौकरानी और अन्य लोग भी मौजूद थे। डेरे में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से पता चल सकेगा कि विनोद की मौत से पहले वहां कौन-कौन मौजूद था। – बुलबुल ने विनोद पर किन्नर समाज के लोगों को लंबे समय से लूटने का आरोप लगाया। उसने गद्दी से जुड़े विवाद का जिक्र करते हुए दावा किया कि संबंधित वसीयत बंदूक दिखाकर लिखवाई गई थी। बुलबुल के अनुसार, वसीयत में विनोद ने खुद को किन्नर बताया था। – वायरल वीडियो पर बुलबुल ने कहा कि महक और अन्य किन्नर अपनी निजी जिंदगी में क्या करते हैं, यह उनका व्यक्तिगत मामला है। डांस का विनोद की मौत से कोई संबंध नहीं है। पत्नी CBI जांच की मांग कर चुकीं विनोद सैनी की पत्नी बबीता ने बताया कि उनके पति कई वर्षों से किन्नर समाज के लोगों के साथ रहकर काम कर रहे थे। शुरुआत में विनोद बुलबुल के यहां गाड़ी चलाते थे। नारनौल का डेरा भी बुलबुल ने उनके पति को दिया था, ताकि वह अपने परिवार का पालन-पोषण कर सकें। बबीता ने आरोप लगाया कि समय के साथ विवाद बढ़ता गया और उनके पति को मानसिक रूप से परेशान किया जाने लगा। उन्होंने मामले की CBI जांच कराने की भी मांग की। ASP बोले- मामले की जांच कर रहे नारनौल ASP बीरेंद्र सिंह ने बताया कि महक, टीना और बुलबुल के खिलाफ पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया है। परिजनों के बयान के आधार पर कार्रवाई की गई है। अभी पूरे मामले की जांच की जा रही है। ————- यह खबर भी पढ़ें… मंगलामुखी समाज के प्रधान ने VIDEO बनाकर सुसाइड किया:नारनौल में डेरे में फंदा लगाया, 3 लोगों पर आरोप; परिवार का शव उठाने से इनकार हरियाणा के नारनौल में मंगलामुखी समाज के प्रधान विनोद सैनी ने बुधवार तड़के सुसाइड कर लिया। उनका शव कोलियान मोहल्ला स्थित डेरे में फंदे से लटका मिला। सुसाइड से पहले उन्होंने एक वीडियो भी बनाया था। (पूरी खबर पढ़ें)

