हरियाणवी एक्ट्रेस दिव्यांका सिरोही का निधन:घर पर तबीयत बिगड़ने के बाद जमीन पर गिरीं; 50 से ज्यादा गानों में काम कर चुकीं

हरियाणवी एक्ट्रेस दिव्यांका सिरोही का निधन:घर पर तबीयत बिगड़ने के बाद जमीन पर गिरीं; 50 से ज्यादा गानों में काम कर चुकीं

हरियाणवी एक्ट्रेस दिव्यांका सिरोही (30) का निधन हो गया। मंगलवार की देर रात यूपी के गाजियाबाद स्थित घर पर उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। वह चक्कर खाकर जमीन पर गिरीं, जिसमें उनके सिर पर गहरी चोट लगी। परिवार के लोग उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आज बुधवार सुबह गाजियाबाद में उनका अंतिम संस्कार किया गया। हरियाणा से प्रोडयूशर जीतू और कलाकार विकास उनके घर पहुंचे थे। दिव्यांका 50 से ज्यादा हरियाणवी गानों में काम कर चुकी थीं। उन्होंने मासूम शर्मा, अमित सैनी रोहतकिया, केडी के साथ भी काम किया। उनके इंस्टाग्राम पर 1.3 मिलियन फॉलोअर्स हैं। उनके निधन पर हरियाणवी इंडस्ट्री से जुड़े कलाकारों ने शोक व्यक्त किया है। हरियाणवी स्टार दिव्यांका के कुछ PHOTOS… यूपी के गाजियाबाद में रह रहा परिवार दिव्यांका सिरोही का जन्म 19 नवंबर 1996 को बुलंदशहर में हुआ था। परिवार गाजियाबाद में रह रहा है। उन्होंने मेरठ स्थित चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी से B.Com की। इसके बाद सिक्किम से MBA की। फिर गुरुग्राम से B.Ed की। दिव्यांका के दो भाई- हिमांशु, दीपांशु और बहन जसमीत हैं। पिता गजेंद्र ट्रांसपोर्टर हैं और मां अनीता हाउस वाइफ हैं। दिव्यांका के भाई हिमांशु ने दैनिक भास्कर को बताया कि मंगलवार रात दिव्यांका घर पर ही थी। रात करीब 8 बजे उसकी तबीयत बिगड़ी और वह फर्श पर गिर गई। गिरने से उसके सिर में अंदरूनी चोट लगी और खून निकल गया। जब छोटा भाई दीपांशु उसके पास पहुंचा, तब तक उसका शरीर ठंडा पड़ चुका था। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बुधवार सुबह गाजियाबाद में उसका अंतिम संस्कार किया गया। सिंगर मासूम शर्मा ने मंच से कराई थी पहचान सिरसा के जेसीडी में लाइव शो में सिंगर मासूम शर्मा के साथ भी एक्ट्रेस दिव्यांका सिरोही ने मंच साझा किया था। जैसे ही दिव्यांका मंच पर पहुंची, तो शो वहां मौजूद की दर्शकों की तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा था। मासूम शर्मा ने खुद दिव्यांका का नाम लेकर दर्शकों से पहचान करवाई थी। इस दौरान दिव्यांका काफी देर तक मंच पर रही। दिव्यांका के हरियाणवी इंडस्ट्री में आने की कहानी जानिए… टिक-टॉक से शुरुआत, 20 मिलियन व्यूज आए एक इंटरव्यू में दिव्यांका ने बताया था कि मुझे बचपन से ही एक्टिंग और डांस का शौक था। मैंने दिवाली के पास नीले रंग के सूट में टिक-टॉक पर पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा के गाने ‘मेरी मम्मी नूं पसंद नि तू’ गाने पर वीडियो बनाई थी, जो मेरे एक्सप्रेशन की वजह से वायरल हो गई। उस वीडियो पर करीब 20 मिलियन व्यूज आए थे। इसके बाद टिक-टॉक पर मेरे फॉलोअर्स 5 मिलियन हो गए थे। 2018 में जॉब की, फिर इंडस्ट्री में एंट्री दिव्यांका ने परिवार के सपोर्ट को लेकर कहा था कि कभी भी ऐसा फील नहीं हुआ कि परिवार साथ नहीं देगा। परिवार ने हर तरीके से मेरा साथ दिया। फाइनेंशियली भी मैंने खुद को मैनेज किया। 2018 में मैंने जॉब भी की। जब मुझे लगा कि मैं इस इंडस्ट्री में कुछ कर सकती हूं तो मैंने जॉब छोड़ दी। विलेन गाने से हरियाणवी इंडस्ट्री की शुरुआत हुई। शूटिंग पर भाई को लेकर जाती थीं इंडस्ट्री को लेकर दिव्यांका ने कहा था कि अगर आप ठीक हो तो सबकुछ ठीक है। हर जगह हर तरीके के लोग मिलते हैं। जो लोग मैनेज नहीं कर पाते, उनके लिए ये लाइन गंदी है। मेरे पास टीम है। मैं अपने शूटिंग पर भाई को लेकर जाती हूं। पापा को डायबिटीज है, इसलिए वह जा नहीं सकते। शादी पर कहा था- अभी इरादा नहीं शादी के सवाल पर दिव्यांका ने कहा था कि चाहे लव मैरिज हो या अरेंज, शादी का लड्डू खाकर भी पछताना पड़ता है और न खाकर भी। इसलिए बेहतर है कि न खाकर ही पछता लिया जाए। फिलहाल मेरा शादी का कोई इरादा नहीं है। शादी के बाद भी कई चीजें संभालनी पड़ती हैं। मैं अपने परिवार के लिए बेटी नहीं, बल्कि बेटे की तरह हूं। एक्ट्रेस दिव्यांका सिरोही के निधन कलाकारों ने इस तरह जताया शोक… मंजीत पांचाल ने लिखा- गजब की आर्टिस्ट थी हरियाणवी कलाकार मंजीत पांचाल ने एक्ट्रेस दिव्यांका सिरोही के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने अपने सोशलमीडिया अकाउंट पर पोस्ट भी डाली। इसमें पांचाल ने लिखा- हरियाणवी आर्टिस्ट दिव्यांका सिरोही हमारे बीच नहीं रही। गजब की आर्टिस्ट थी सच में। मैसेज के अंत में दुख जताते हुए आंसू बहाते इमोजी भी बताए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *