सोनीपत में सड़क हादसा, गुरुग्राम की महिला की मौत:बाबा श्याम के दर्शन करने चुलकाना धाम जा रही थी, स्कूटी को ट्रक ने मारी टक्कर

सोनीपत में सड़क हादसा, गुरुग्राम की महिला की मौत:बाबा श्याम के दर्शन करने चुलकाना धाम जा रही थी, स्कूटी को ट्रक ने मारी टक्कर

सोनीपत जिले में दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे/केएमपी मार्ग पर एक सड़क हादसे में गुरुग्राम की एक महिला की मौत हो गई। महिला अपनी स्कूटी से चुलकाना धाम, पानीपत में खाटू श्याम के दर्शन के लिए जा रही थी। तभी उसकी स्कूटी को एक अज्ञात ट्रक ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला ने दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। गुरुग्राम के बजघेड़ा निवासी अंकित राणा ने पुलिस को बताया कि वह सुबह अपनी परिचित सोनिया पांचाल और उनके 8 वर्षीय बेटे प्रियांश के साथ स्कूटी पर चुलकाना खाटू श्याम जी धाम के लिए निकले थे। स्कूटी सोनिया चला रही थीं। केएमपी मार्ग पर आईएमटी मारुति के पास सामने जा रहे एक ट्रक ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे स्कूटी अनियंत्रित होकर ट्रक के पीछे जा टकराई। इलाज के दौरान तोड़ा दम टक्कर के कारण सोनिया पांचाल को गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद ट्रक ड्राइवर वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घायल सोनिया को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। लगभग 6 दिनों तक चले इलाज के बाद सोनिया का निधन हो गया। आरोपी ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज सफदरजंग अस्पताल की मोर्चरी से सूचना मिलने पर खरखौदा थाना के सहायक उप-निरीक्षक (ASI) दिनेश अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शी अंकित राणा और मृतका के पति प्रवीन की मौजूदगी में लिखित शिकायत दर्ज की। शिकायत और घटनाक्रम के आधार पर, पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 (लापरवाही से वाहन चलाना) और 106 (लापरवाही से मौत) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *