सोनीपत शहर के सरस्वती विहार में चोरों ने एक बुजुर्ग महिला के मकान को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। महिला रात को घर पर ताला लगाकर अपनी बेटी के घर गई थी। सुबह वापस लौटी तो कमरों में सामान बिखरा मिला। मकान के एक तरफ सीढ़ी लगी हुई थी। आशंका है कि चोर इसी रास्ते से घर में दाखिल हुए। घटना के बाद इलाके के लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। सुबह घर लौटी तो बिखरा मिला सामान पीड़ित महिला की बेटी बबीता ने बताया कि उसकी मां रात को घर बंद करके उसके पास आई थी। सुबह जब वह वापस लौटी तो घर के कमरों में सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। जांच करने पर मकान के एक तरफ सीढ़ी लगी हुई मिली। आशंका है कि चोर सीढ़ी के सहारे अंदर घुसे और चोरी करने के बाद फरार हो गए। बर्तन-कपड़े ले गए चोर बबीता के अनुसार, घर में सोने-चांदी के जेवरात नहीं थे। चोर बर्तन, कपड़े और अन्य सामान ले गए हैं। चोरी हुए सामान की पूरी जानकारी अभी नहीं मिल पाई है। नुकसान का सही आकलन जांच के बाद ही हो सकेगा। CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास के मकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज में रात के समय कुछ संदिग्ध व्यक्ति गलियों से गुजरते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस उनकी गतिविधियों की जांच कर रही है, ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके। पार्षद प्रतिनिधि की गश्त बढ़ाने की मांग वार्ड पार्षद प्रतिनिधि संजय बड़वासनीया ने इलाके में चोरी की घटनाओं पर चिंता जताई। उन्होंने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि गश्त नहीं बढ़ाई गई और चोरी की घटनाओं पर रोक नहीं लगी तो स्थानीय निवासी जिला उपायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन करेंगे।

