सैनिक स्कूल कपूरथला ‘स्वर्ण जयंती पुनर्मिलन समारोह’:50 साल बाद स्कूल पहुंचे पूर्व अधिकारियों ने दिए 5 लाख, कैडेट्स से बोले- NDA को बनाएं पहला लक्ष्य

सैनिक स्कूल कपूरथला ‘स्वर्ण जयंती पुनर्मिलन समारोह’:50 साल बाद स्कूल पहुंचे पूर्व अधिकारियों ने दिए 5 लाख, कैडेट्स से बोले- NDA को बनाएं पहला लक्ष्य

ऐतिहासिक सैनिक स्कूल कपूरथला में 1969-1976 बैच के पूर्व छात्रों का ‘स्वर्ण जयंती पुनर्मिलन समारोह’ बेहद उत्साह और भावुक माहौल में आयोजित किया गया। पांच दशक बाद अपने मातृ संस्थान पहुंचे पूर्व कैडेट्स ने न केवल अपनी पुरानी यादें ताजा कीं, बल्कि वर्तमान कैडेटों के मार्गदर्शन और स्कूल के विकास के लिए 5 लाख रुपये की सहयोग राशि का चेक भी सौंपा। 2016 सर्जिकल स्ट्राइक फेम ले. जनरल रणबीर सिंह ने किया नेतृत्व पूर्व छात्रों के इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व 2016 की ऐतिहासिक सर्जिकल स्ट्राइक के दौरान महानिदेशक सैन्य अभियान (DGMO) और बाद में उत्तरी कमान के जीओसी-इन-सी रहे लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह (सेवानिवृत्त), PVSM, AVSM, YSM, SM ने किया। समारोह की शुरुआत परिसर स्थित ‘साइकेप स्मृति स्थल’ पर अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके उपरांत ले. जनरल रणबीर सिंह और मेजर जनरल अनूप कृष्ण धर (सेवानिवृत्त) ने स्कूल के नए कॉन्फ्रेंस हॉल और पुनर्निर्मित ‘पटेल हाउस’ का औपचारिक उद्घाटन किया। स्कूल को 5 लाख रुपये की सहायता: 3.5 लाख से मिलेगी स्कॉलरशिप अपने स्कूल के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए 1969-76 बैच ने कुल 5 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की, जिसे प्राचार्य ग्रुप कैप्टन आई. मनोज मेनन ने स्वीकार किया। इसमें 3.5 लाख रुपये (अक्षय निधि) में मेधावी और जरूरतमंद कैडेटों की पढ़ाई व प्रोत्साहन के लिए छात्रवृत्ति। जबकि 1.5 लाख रुपये स्कूल परिसर में कैडेट्स को प्रेरित करने वाले डिस्प्ले बोर्ड स्थापित करने के लिए दिए गए हैं। ‘NDA को बनाएं लक्ष्य’: पूर्व सैन्य अधिकारियों ने दिए टिप्स सभागार में आयोजित स्वागत समारोह में कैडेटों ने ‘साइकेप फ्लो’ और हिंदी समूहगान प्रस्तुत किया। इसके बाद 11वीं और 12वीं के कैडेट्स के साथ आयोजित विशेष मार्गदर्शन सत्र में ले. जनरल रणबीर सिंह और मेजर जनरल अनूप कृष्ण धर ने अपने अनुभव साझा किए। पूर्व अधिकारियों ने कैडेट्स को सत्यनिष्ठा, अनुशासन, नैतिक साहस और निःस्वार्थ राष्ट्रसेवा को जीवन में उतारने की सलाह दी। उन्होंने 11वीं-12वीं के छात्रों को संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की NDA परीक्षा को प्राथमिकता बनाकर अभी से तैयारी में जुटने के लिए प्रेरित किया। पंजाब सरकार को भेजा गया जीर्णोद्धार का प्रस्ताव प्राचार्य ग्रुप कैप्टन आई. मनोज मेनन ने स्कूल में चल रहे विकास कार्यों और NDA की बेहतर तैयारी के लिए बनाई गई शैक्षणिक रणनीतियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सैनिक स्कूल की ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण, रखरखाव और इंफ्रास्ट्रक्चर के जीर्णोद्धार के लिए व्यापक योजना तैयार कर पंजाब सरकार को वित्तीय स्वीकृति हेतु भेजी गई है। समारोह के अंत में ऊर्जावान पंजाबी भांगड़े ने समां बांध दिया। राष्ट्रगान के बाद पूर्व छात्रों ने परिसर में पौधारोपण किया और सामूहिक तस्वीरें खिंचवाकर इस ऐतिहासिक दिन को यादगार बनाया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *