देवास के बीएनपी थाना क्षेत्र के ग्राम सियापुर के सांसी मोहल्ले में रविवार को पुलिस ने अवैध कच्ची शराब के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस की दबिश की भनक लगते ही शराब बनाने वाले कई लोग घरों में ताले लगाकर फरार हो गए।
पुलिस ने चार-पांच मकानों के ताले तोड़कर तलाशी ली। अंदर शराब बनाने की सामग्री और महुआ लहान मिला। पुलिस ने घरों में बनी भट्टियां तोड़कर नष्ट कीं। महुआ लहान और शराब बनाने की सामग्री भी मौके पर नष्ट कराई।
कार्रवाई के दौरान मोहल्ले में कच्ची शराब की तेज बदबू फैल गई। कुछ लोगों ने मकानों की पहली, दूसरी और तीसरी मंजिल से शराब से भरे ड्रम और कैन नीचे फेंक दिए। पुलिस ने पूरे मोहल्ले में दबिश देकर शराब के ठिकानों की तलाशी ली।
पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। कार्रवाई के दौरान एसडीओपी बबीता बामनिया, बीएनपी थाना प्रभारी प्रीति कटारे और पुलिस बल मौजूद रहा।

