रायपुर के सुभाष स्टेडियम में 26 सितंबर से सूर्या कप सीजन-9 का आयोजन होगा। इस बार टूर्नामेंट में 48 टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें 32 टीमें सिल्वर लीग और 16 टीमें आइकॉन लीग में खेलेंगी। प्रतियोगिता की खास बात यह है कि पहली बार अंडर-19 खिलाड़ियों को भी इसमें शामिल किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों से ट्रायल के जरिए चुने गए 40 U-19 खिलाड़ियों का 13 सितंबर को आईपीएल की तर्ज पर ऑक्शन होगा। बेंगलुरु, भोपाल और इंदौर के खिलाड़ी भी खेलेंगे आइकॉन लीग में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के साथ दूसरे शहरों के खिलाड़ी भी नजर आएंगे। टीम शिवा ने बेंगलुरु के सागर भंडारी को, SA रबर ने भोपाल के मोहम्मद अनस को और सूर्या लायंस ने इंदौर के इरफान पटेल को टीम में शामिल किया है। मोहित पुजारी की टीम में भोपाल के मकबूल, GD-11 में भिलाई के तुषार यादव, बिलासपुर की चाक दे बॉयज में सौरभ शिलू और टीम RRC में गोपी पटेल खेलेंगे। इसके अलावा बाउंड्री हिटर ने भिलाई के राज ठाकुर, माना की टीम ने रिचर्ड और मारियो ने राकेश यादव को आइकॉन खिलाड़ी बनाया है। 40 युवा खिलाड़ियों पर लगेगी बोली इस बार U-19 खिलाड़ियों को भी बड़े खिलाड़ियों के साथ खेलने का मौका मिलेगा। छत्तीसगढ़ से ट्रायल के जरिए 40 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। इन खिलाड़ियों को अलग-अलग टीमों में शामिल करने के लिए 13 सितंबर को ऑक्शन किया जाएगा। आयोजकों के मुताबिक इसका उद्देश्य प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को बड़े स्तर की प्रतियोगिता में खेलने का अनुभव देना है। विजेता को 5 लाख, रनरअप को 3 लाख रुपए टूर्नामेंट में विजेता टीम को 5 लाख रुपए और उपविजेता टीम को 3 लाख रुपए दिए जाएंगे। इसके अलावा बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए कार, एक्टिवा और ईवी स्कूटी समेत अन्य पुरस्कार रखे गए हैं। आयोजक रिजवान सूर्या के मुताबिक आइकॉन और सिल्वर लीग के जरिए स्थानीय खिलाड़ियों को दूसरे शहरों से आने वाले खिलाड़ियों के साथ खेलने का मौका मिलेगा। 26 सितंबर से शुरू होने वाले टूर्नामेंट के मैच सुभाष स्टेडियम में नाइट फॉर्मेट में खेले जाएंगे।

