सीतापुर के महोली कोतवाली इलाके में शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे पत्नी और उसके रिश्तेदारों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए परिजनों ने युवक का शव चारपाई पर रखकर प्रदर्शन किया। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की। उनका कहना था कि मुकदमा दर्ज होने के बाद ही शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई शुरू की। मामला महोली कोतवाली क्षेत्र के अमिलिया गांव का है। यहां गुरुवार को 22 वर्षीय प्रेम शंकर का शव कमरे में कुंढ़े से पत्नी के दुपट्टे के सहारे लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। मृतक के पिता विजय पाल के मुताबिक प्रेम शंकर की शादी करीब चार माह पहले 21 जून 2026 को कोठारपुरवा (मूड़ासानी) गांव निवासी गंगाराम की बेटी मोहिनी से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद होता रहता था। विजय पाल ने आरोप लगाया कि मोहिनी के व्यवहार का विरोध करने पर उसके पिता गंगाराम और साला मनोज कुमार भी प्रेम शंकर को अपमानित करते थे। बुधवार को खाना बनाने को लेकर पति-पत्नी में विवाद हुआ था। आरोप है कि इसके बाद मोहिनी पड़ोसी के घर जाकर छिप गई और 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस प्रेम शंकर को कोतवाली ले गई, जहां शांति भंग की कार्रवाई के बाद उसे छोड़ दिया गया। परिजनों के अनुसार, देर शाम घर लौटने के बाद भी विवाद और ताने जारी रहे। अगले दिन प्रेम शंकर ने कमरे में फांसी लगा ली। पिता ने गंगाराम, मनोज कुमार समेत पांच लोगों को जिम्मेदार ठहराते हुए तहरीर दी है। इंस्पेक्टर जेबी पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है

