सीतापुर के रामकोट थाना क्षेत्र के ग्राम मथुरा नगर में बुधवार देर रात बारिश के बाद एक जर्जर कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के मलबे में दबकर पानी भर रही 55 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन और ग्रामीणों ने आनन-फानन में मलबा हटाकर महिला को बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। यहां उपचार के दौरान गुरुवार सुबह महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, मथुरा नगर निवासी माधुरी देवी (55) पत्नी मुरली बुधवार देर रात घर के पास लगे नल पर पानी भर रही थीं। इसी दौरान बारिश के बाद कमजोर हो चुकी कच्ची दीवार अचानक भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। दीवार गिरने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। महिला के मलबे में दबे होने की जानकारी होते ही लोगों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर महिला को बाहर निकाला। हादसे में महिला को गंभीर चोटें आई थीं। परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने इलाज शुरू किया। हालांकि, महिला की हालत गंभीर होने के कारण उपचार के दौरान गुरुवार सुबह उनकी मौत हो गई। महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के मुताबिक, लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र में कच्चे मकान और दीवारें कमजोर हो गई हैं, जिससे हादसे का खतरा बना हुआ है। सूचना मिलने पर रामकोट पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

