सीतापुर में शहर कोतवाली क्षेत्र के विजय लक्ष्मी नगर मोहल्ले में शनिवार शाम करीब 7 बजे एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर के अंदर मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मायके पक्ष ने पति और उसकी बहन पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। आठ महीने पहले हुई थी शादी लखीमपुर जिले के धौरहरा गांव निवासी सोनम (32) की शादी करीब आठ महीने पहले विजय लक्ष्मी नगर निवासी दिव्यांश शुक्ला (35) से हुई थी। शादी हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। इसके बाद सोनम ससुराल में रह रही थी। शनिवार शाम घर में उसका शव मिलने से परिवार में हड़कंप मच गया। दहेज में कार मांगने का आरोप मायके पक्ष के लोगों का आरोप है कि शादी के बाद से ही दिव्यांश उनकी बेटी को मारता-पीटता था। परिजनों के मुताबिक, पति दहेज में चार पहिया गाड़ी की मांग कर रहा था। इसी को लेकर सोनम को प्रताड़ित किया जाता था। मायके पक्ष ने उसकी मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार मायके पक्ष ने पति दिव्यांश शुक्ला और उसकी बहन के खिलाफ शहर कोतवाली में तहरीर देकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद स्पष्ट होगी।

