सीतापुर में आईजी ने डिजिटल मालखाने का किया शुभारंभ:बैठक में गुमशुदा बालिकाओं को एक सप्ताह में ढूंढने के दिए निर्देश

सीतापुर में आईजी ने डिजिटल मालखाने का किया शुभारंभ:बैठक में गुमशुदा बालिकाओं को एक सप्ताह में ढूंढने के दिए निर्देश

सीतापुर में पुलिस व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी एवं तकनीक आधारित बनाने की दिशा में सीतापुर पुलिस ने एक नई पहल शुरू की है। रविवार दोपहर लखनऊ रेंज की आईजी किरण एस. सीतापुर पहुंचे। उन्होंने कोतवाली देहात में बनाए गए रेंज के पहले डिजिटल मालखाने का शुभारंभ किया। इस व्यवस्था के लागू होने के बाद थानों में जमा माल मुकदमाती की डिजिटल पहचान सुनिश्चित की जा सकेगी और क्यूआर कोड स्कैन करते ही संबंधित माल की पूरी जानकारी सामने आ जाएगी। आईजी रेंज लखनऊ किरण एस ने बताया कि डिजिटल मालखाने में थाने में जमा माल मुकदमाती को एक विशेष क्यूआर कोड से जोड़ा गया है। क्यूआर कोड स्कैन करने पर माल मुकदमाती से संबंधित आवश्यक विवरण डिजिटल माध्यम से उपलब्ध होगा। इससे माल की पहचान, रिकॉर्ड और उसके निस्तारण की प्रक्रिया को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी। आईजी के मुताबिक, फिलहाल इस व्यवस्था को ट्रायल के तौर पर कोतवाली देहात में शुरू किया गया है। इसके सफल रहने पर कुछ दिनों में इसे जिले के अन्य थानों में भी लागू किया जाएगा। सीतापुर में व्यवस्था के सफल होने के बाद लखनऊ रेंज के अन्य जिलों में भी डिजिटल मालखाने की शुरुआत किए जाने की योजना है। आईजी किरण एस. ने कोतवाली में विभिन्न पुलिस पटलों का निरीक्षण कर अभिलेखों और कार्यप्रणाली की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में मिशन शक्ति के तहत महिला अपराधों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आईजी ने गुमशुदा बालिकाओं की बरामदगी को प्राथमिकता देते हुए संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर बरामदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सक्रिय अपराधियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को अपराध नियंत्रण के साथ-साथ लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। आईजी के निरीक्षण के दौरान एसपी अंकुर अग्रवाल, एएसपी आलोक सिंह, दुर्गेश सिंह,सीओ सदर नेहा त्रिपाठी, सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *