सीकर के कोतवाली थाना इलाके में ठेला लगाने वाले दो लोगों के बीच कचरा डालने की बात को लेकर विवाद हो गया। एक युवक ने दूसरे युवक के शरीर पर चार-पांच जगह चाकू से वार कर दिया। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए सीकर के एसके अस्पताल लाया गया। जहां से उसे गंभीर हालत में इलाज के लिए प्राइवेट हॉस्पिटल में रैफर किया गया। इधर घटना के बाद गुस्साए लोगों ने आरोपी युवक के ठेले का सामान फेंक दिया और बाजार बंद करवाने की कोशिश की। हालांकि मौके पर पुलिस पहुंची और भीड़ को वहां से खदेड़ दिया। घटना सीकर में तहसील के सामने मीना बाजार के पास की है। जानकारी के अनुसार घटना में घायल युवक मोहम्मद रब्बानी चूड़ियों का ठेला लगातार है। उसके पास ही आरोपी इलियास जूते-चप्पल का ठेला लगाता है। आज दोपहर को उनके बीच कचरा डालने की बात को लेकर विवाद हो गया। ऐसे में इलियास ने अपने पास रखे एक चाकू से मोहम्मद रब्बानी पर चार-पांच जगह वार कर दिया। आसपास के लोग उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। इसके बाद उसका प्राथमिक इलाज किया गया। यहां से उसे इलाज के लिए सीकर के ही एक प्राइवेट हॉस्पिटल में रैफर कर दिया गया है। इधर घटना के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को डिटेन भी कर लिया है। हॉस्पिटल से आक्रोशित लोग घटनास्थल पर पहुंचे। जहां उन्होंने आरोपी इलियास के ठेले का समान फेंक दिया और बाजार बंद करवाने की कोशिश की। हालांकि मौके पर सीओ सिटी नवनीत कौर,कोतवाली SHO सुनील कुमार जांगिड़ पहुंचे जिन्होंने भीड़ को वहां से खदेड़ा।

