जैसलमेर के सीमावर्ती खूहड़ी थाना क्षेत्र के चेलक गांव में मंगलवार देर रात चोरों ने दो किसान परिवारों को निशाना बनाते हुए 1.23 करोड़ रुपए की सनसनीखेज चोरी को अंजाम दिया था। एसी और कूलर की तेज आवाज के कारण गहरी नींद में सो रहे परिजनों को घटना की भनक तक नहीं लगी थी। अगले दिन सुबह यानि की बुधवार को अलमारी के ताले टूटे मिलने से चोरी का खुलासा हुआ। एक घर से 20 लाख नकद और 72 लाख का सोना (कुल 92 लाख) और दूसरे घर से 10 लाख का सोना, 15 लाख की चांदी व नकदी सहित 30 लाख की चोरी हुई। जैसलमेर एएसपी सुरेश सांखला ने बताया- मौके पर एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम पहुंच गई है। इसके साथ ही सीओ सिटी रूप सिंह इन्दा सहित कई पुलिसकर्मी घटनास्थल का जायजा लेकर चोरों के पैरों के निशान के आधार पर गहनता से पड़ताल कर रहे हैं। कूलर की आवाज का फायदा उठाकर की थी चोरी जानकारी के अनुसार, गर्मी के कारण दोनों पीड़ित परिवारों के घरों में एसी और कूलर चल रहे थे। जिनकी तेज आवाज के चलते चोरों की हलचल परिजनों को सुनाई नहीं दी। चोरों ने शातिर तरीके से कमरों के बाहर से कुंडी लगाकर या आसानी से अंदर प्रवेश कर वारदातों को अंजाम दिया। सुबह जब परिजन जागे, तो घरों में बिखरा सामान और टूटे हुए ताले देखकर उनके होश उड़ गए। पहले घर में 92 लाख की बड़ी सेंध घटना के शिकार पहले किसान परिवार के घर में चोरों ने सबसे बड़ा हाथ साफ किया। किसान सुखपाल सिंह पुत्र अगर सिंह के घर से करीब 20 लाख रुपए नकद और 40 से 45 तोला सोना चोरी हुआ है। इस तरह अकेले इस घर में कुल 92 लाख रुपए की चोरी हुई है। दूसरे घर से 30 लाख का माल पार वहीं, दूसरे पीड़ित किसान हीर सिंह (नीम सिंह) पुत्र हुकुम सिंह के घर से चोरों ने करीब 10 लाख रुपए का 7 तोला सोना, 15 लाख रुपए कीमत की 45 तोला चांदी और नकदी पर हाथ साफ किया। इस दूसरे घर में कुल मिलाकर लगभग 30 लाख रुपए की चोरी की पुष्टि हुई है। इस प्रकार दोनों घरों को मिलाकर कुल 1.23 करोड़ रुपए की चोरी हुई है। पुलिस और एफएसएल टीम की दबिश घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। जैसलमेर एएसपी सुरेश सांखला, सीओ सिटी रूप सिंह इन्दा सहित कई पुलिस अधिकारी और खूहड़ी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। घटनास्थल की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और एफएसएल (FSL) की टीमों को भी मौके पर बुलाया गया। विशेषज्ञ टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस को मौके से चोरों के पैरों के निशान भी मिले हैं, जिन्हें डॉग स्क्वायड की मदद से ट्रैक करने का प्रयास किया जा रहा है। एएसपी सुरेश सांखला ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीमावर्ती इलाकों में नाकेबंदी कर चोरों की तलाश तेज कर दी है। इस घटना के बाद से पूरे चेलक गांव और आसपास के बॉर्डर एरिया में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

