एलडीए की सीतापुर रोड स्थित नैमिष नगर और आगरा एक्सप्रेसवे के पास विकसित की जा रही वरुण विहार योजना की लॉन्चिंग के साथ पांच मल्टीस्टोरी आवासीय योजनाओं का भी शुभारंभ होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इन योजनाओं का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम आगरा एक्सप्रेसवे स्थित वरुण विहार योजना में आयोजित किया जाएगा। एलडीए ने कार्यक्रम की तैयारियां तेज कर दी हैं। पांच मल्टीस्टोरी योजनाओं का भी होगा शुभारंभ लॉन्चिंग कार्यक्रम में एलडीए की पार्क व्यू, लेक व्यू, बागेश्वरी, अदिति और ऐशबाग स्क्वायर अपार्टमेंट योजनाओं का भी शुभारंभ किया जाएगा। इन योजनाओं के जरिए लोगों को एलडीए की नई आवासीय परियोजनाओं में घर लेने का अवसर मिलेगा। छह हजार भूखंडों का खुलेगा पंजीकरण वरुण विहार और नैमिष नगर योजना में करीब छह हजार भूखंडों के पंजीकरण की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। इसके लिए एलडीए स्तर से तैयारियां की जा रही हैं। दोनों योजनाओं को लेकर लोगों में रुचि को देखते हुए लॉन्चिंग कार्यक्रम को बड़े स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। 25 हजार लोगों के बैठने के लिए बन रहा पंडाल कार्यक्रम में करीब 25 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए वरुण विहार योजना परिसर में बड़ा पंडाल तैयार किया जा रहा है। सोमवार को एलडीए के अधिकारी पूरे दिन मौके पर मौजूद रहे और कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे रहे। किसानों से भी मुलाकात करेंगे मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम में करीब डेढ़ घंटे तक मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ शाम चार बजे प्रस्तावित है। इस दौरान मुख्यमंत्री वरुण विहार और नैमिष नगर योजनाओं के लिए जमीन उपलब्ध कराने वाले किसानों से भी मुलाकात करेंगे। एलडीए अधिकारी कार्यक्रम की व्यवस्थाओं, पंडाल, बैठने की क्षमता और अन्य तैयारियों को समय से पूरा करने में जुटे हैं।

