इंदौर के तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में चमेली देवी कॉलेज के पास सोमवार देर रात बाईपास पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाइक टकराने से 28 वर्षीय किसान की मौत हो गई। सुमित अपनी पत्नी और डेढ़ माह की बेटी से ससुराल में मिलकर बाइक से गांव लौट रहे थे। हादसे के बाद उन्हें गंभीर हालत में एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। ससुराल से गांव लौटते समय हुआ हादसा तेजाजी नगर पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान दतोड़ा निवासी सुमित (28) पुत्र मुकेश राजपूत के रूप में हुई है। सुमित किसान थे। वे पत्नी और डेढ़ माह की बेटी से मिलने रालामंडल स्थित ससुराल गए थे। रात करीब 11 बजे बाइक से गांव दतोड़ा लौटते समय चमेली देवी कॉलेज के पास ब्रिज पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक टकरा गई। अंधेरे में नहीं दिखी ट्रैक्टर-ट्रॉली पुलिस के मुताबिक, ट्रैक्टर-ट्रॉली बिना किसी सांकेतिक लाइट या इंडिकेटर के खड़ी थी। अंधेरा होने के कारण सुमित को ट्रॉली दिखाई नहीं दी और बाइक सीधे उससे टकरा गई। हादसे में सुमित के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। राहगीरों की मदद से उन्हें एमवाय अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। दो साल पहले हुई थी शादी परिजनों के मुताबिक, सुमित की शादी दो साल पहले हुई थी। कुछ समय पहले ही उनकी पत्नी ने बेटी को जन्म दिया था। परिवार में माता-पिता और एक छोटा भाई है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, चालक की तलाश तेजाजी नगर पुलिस ने मौके से लावारिस हालत में खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर ली है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया। मामला दर्ज कर फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।

