सिरसा जिले में ‘नमो क्रिकेट लीग’ शुरू होने जा रही है। इसे लेकर ओपन पंजीकरण जारी है और कोई भी टीम खेल सकती है। अब तक जिले की करीब 200 टीमों ने रजिस्ट्रेशन करवा लिया है। इसके लिए कुछ शर्तें तय है, उनको पूरा करना होगा। आज वीरवार को लीग के जिला को-ऑर्डिनेटर सुनील बामनिया एवं गुरजिंदर सूर्या ने पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बताया, इसका आयोजन बरनाला स्थित जेसीडी विद्यापीठ में होने जा रहा है। क्रिकेट को हां नशे को ना स्लोगन के साथ आगामी 19 सितंबर से 23 सितंबर तक चलने वाले इस चैंपियनशिप में करीब 200 टीमों के बीच 188 रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे। सुनील बामनिया ने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़कर नशे की लत से दूर रखना है। युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली और खेल संस्कृति की ओर मोड़ना है। पूरे उत्तर भारत को 32 जोन में विभाजित किया है। सिरसा जोन में होने वाले 188 मैचों के बाद शीर्ष पर रहने वाली विजेता टीम को राज्य स्तरीय मुख्य मुकाबले के लिए पंचकूला भेजा जाएगा, जहां सभी 32 जोन की चैंपियन टीमें आमने-सामने होंगी। युवा तैयारी में जुटे इसे लेकर जेसीडी विद्यापीठ के मैदान में मैचों के लिए पिच और मैदान की व्यवस्थाओं को तैयार किया जा रहा है। इसकी रजिस्ट्रेशन तिथि 10 सितंबर रखी हैं। जिले में ये लीग 19 सितंबर से शुरू होगी और खेल प्रेमी और युवा तैयारी में जुटे हैं। आयोजकों ने सभी खेल प्रेमियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर नशे के खिलाफ इस जन-आंदोलन का हिस्सा बनें। सिरसा में इन टीमों को मिलेगा ये इनाम सिरसा में प्रथम विजेता टीम को 31 हजार रुपए नकद एवं ट्रॉफी, द्वितीय विजेता टीम को 21 हजार रुपए नकद एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके बाद पंचकुला में 3200 टीमों में मैच होगा और फाइनल मैच 32 टीम में होगा। उसमें प्रथम विजेता टीम को 21 लाख रुपए, द्वितीय विजेता टीम को 11 लाख रुपए, तृतीय विजेता टीम को 5 लाख रुपए, चतुर्थ विजेता टीम को 2.5 लाख रूपए देकर सम्मानित किया जाएगा। यह रहे मौजूद इस दौरान डॉक्टर चंद्र कंबोज, जिकेश मेहता, सचिन हुड्डा, शाम ढिल्लों, आतिश लाखलान, लखा नगराना, साहिल शर्मा, मनीष शर्मा, आकाशदीप सिंह आदि मौजूद रहे।

