गोंडा के देवीपाटन मण्डल ने एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान में सफलता हासिल की है। आज गुरुवार दोपहर 2:30 बजे जारी आंकड़ों के अनुसार, मण्डल प्रदेश में 15वें स्थान से सीधे 6वें स्थान पर पहुंच गया है। मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की देखरेख और विभागों के तालमेल से यह संभव हुआ। अब तक मण्डल में 80 प्रतिशत 14 साल की बालिकाओं को टीके की खुराक दी जा चुकी है।31 जुलाई को जब मण्डलायुक्त ने अभियान की समीक्षा की थी, तब मण्डल 15वें नंबर पर था। स्थिति को देखते हुए उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और दूसरे संबंधित विभागों को योजना बनाकर काम करने के निर्देश दिए थे। आशा कार्यकर्ताओं, मोबिलाइजर्स और स्वास्थ्य कर्मचारियों ने घर-घर जाकर अभिभावकों की झिझक और गलतफहमियां दूर कीं। इस कोशिश से अभियान ने तेजी पकड़ी। 8 सितंबर 2026 तक के आंकड़ों के मुताबिक, बहराइच और श्रावस्ती में 84-84 प्रतिशत टीकाकरण हुआ है, जो मण्डल में सबसे ज्यादा है। बलरामपुर में 78 प्रतिशत और गोंडा में 74 प्रतिशत बालिकाओं का टीकाकरण पूरा हो चुका है। पूरे मण्डल का औसत कवरेज 80 प्रतिशत रहा है। इस अभियान में 14 साल की वे बालिकाएं शामिल की जा रही हैं, जो 15वें साल में प्रवेश कर रही हैं। मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने गुरुवार दोपहर 2:30 बजे मीडिया से बात की। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और अपनी बेटियों का टीकाकरण कराएं। उन्होंने 17 सितंबर तक शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने के निर्देश भी दिए हैं। यह वैक्सीन सभी जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) और विशेष हेल्थ कैंपों में पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध है। प्रशासन ने 17 सितम्बर तक मण्डल की सभी पात्र बालिकाओं को आच्छादित कर 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने का संकल्प दोहराया है। यह वैक्सीन सभी जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) और विशेष हेल्थ कैंपों में पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध है। प्रशासन ने 17 सितम्बर तक मण्डल की सभी पात्र बालिकाओं को आच्छादित कर 100% लक्ष्य हासिल करने का संकल्प दोहराया है।

