Raja Kumari Tribute To Sidhu Moose Wala: अमेरिकन-इंडियन रैपर और सिंगर राजा कुमारी ने दिवंगत पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला को एक बार फिर याद किया है। MTV हसल सीजन 5 में उन्होंने अपने नए पंजाबी ट्रैक ‘ग्यारह’ के जरिए सिद्धू मूसेवाला की विरासत और इंडिपेंडेंट म्यूजिक में उनके योगदान को याद किया। खास बात ये है कि इस गाने का कनेक्शन सिद्धू मूसेवाला से काफी पुराना है। राजा कुमारी के मुताबिक, सिद्धू के निधन से पहले दोनों इस गाने को लेकर बातचीत कर रहे थे।
‘जूम’ को दिए एक एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में राजा कुमारी ने सिद्धू के साथ काम करने के अनुभव को याद किया। उन्होंने बताया कि 2021 में दोनों ने ‘यूएस’ नाम के गाने पर साथ काम किया था। राजा कुमारी के मुताबिक, सिद्धू ने उस समय उनकी आवाज को पंजाबी में सुनने की इच्छा जताई थी और इसी दौरान उनके बीच एक नए गाने को लेकर बातचीत शुरू हुई।
सिद्धू ने दिया था पंजाबी गाने का आइडिया
राजा कुमारी ने बताया कि सिद्धू मूसेवाला ने उनसे कहा था कि उनकी आवाज पंजाबी में काफी अच्छी लगेगी। इसके बाद उनके लिए ‘कुमारी कौर’ नाम का एक किरदार तैयार करने का विचार आया। राजा कुमारी के मुताबिक, सिद्धू के साथ बातचीत के दौरान ही वह नए गाने की दिशा में आगे बढ़ रही थीं, लेकिन 2022 में उनकी हत्या के बाद यह योजना अधूरी रह गई।
अब राजा कुमारी ने उसी अधूरे सपने को अपने पहले पंजाबी सिंगल ‘ग्यारह’ के जरिए एक अलग रूप में पूरा किया है। वो सिद्धू मूसेवाला के Signed To God hologram tour का भी हिस्सा बन रही हैं और अमेरिका और कनाडा में होने वाले टूर में परफॉर्म करेंगी।
29 मई 2022 को हुई थी सिद्धू की हत्या
सिद्धू मूसेवाला की 29 मई 2022 को पंजाब के मानसा जिले के जवाहरके गांव में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह उस समय पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के सबसे चर्चित कलाकारों में शामिल थे और राजनीति में भी सक्रिय थे। उनकी हत्या के बाद इस मामले की जांच में कई गिरफ्तारियां हुईं और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों के नाम सामने आए।
सिद्धू की मौत के बाद भी उनकी लोकप्रियता कम नहीं हुई। उनके गाने लगातार रिलीज होते रहे और दुनिया भर में उनके फैंस उन्हें याद करते रहे।
परिवार में फिर गूंजी सिद्धू के नाम की आवाज
सिद्धू के निधन के करीब दो साल बाद उनके माता-पिता बलकौर सिंह और चरण कौर के घर बेटे का जन्म हुआ। 17 मार्च 2024 को जन्मे इस बच्चे का नाम शुभदीप रखा गया, जो सिद्धू मूसेवाला का असली नाम था। इस तरह परिवार ने भी सिद्धू की याद को एक नए रूप में संजोकर रखा।

