DLF ने Gurugram में बेचे 1,985 करोड़ रुपये के लक्जरी सीनियर लिविंग घर

DLF ने Gurugram में बेचे 1,985 करोड़ रुपये के लक्जरी सीनियर लिविंग घर

नयी दिल्ली, चार अक्टूबर रियल एस्टेट कंपनी डीएलएफ ने गुरुग्राम में वरिष्ठ नागरिकों के लिए बनाई जा रही अपनी आवासीय परियोजना के सभी 172 घर 1,985 करोड़ रुपये में बेच दिए हैं। कंपनी ने रविवार को यह जानकारी दी। देश की सबसे बड़ी रियल एस्टेट कंपनियों में शामिल डीएलएफ ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए हाल में शुरू किए गए ‘द ऑरेवा’ परियोजना के सभी घर बिक गए हैं।

यह परियोजना गुरुग्राम के सेक्टर 63 में 4.17 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही है। डीएलएफ ने कहा, ‘‘इस परियोजना से करीब 1,985 करोड़ रुपये की बिक्री हुई है। यह वरिष्ठ नागरिकों के लिए ऐसी लक्जरी आवासीय इकाइयों की बढ़ती मांग को दर्शाता है, जहां सुविधाओं के साथ स्वास्थ्य, सुविधा और सामुदायिक जुड़ाव पर भी ध्यान दिया जाता है।’’
प्रत्येक अपार्टमेंट की औसत बिक्री कीमत करीब 11.5 करोड़ रुपये रही, जबकि इनकी बिक्री 28,000 रुपये प्रति वर्ग फुट की दर से हुई।

कंपनी इस परियोजना में 172 लक्जरी आवास विकसित कर रही है। इनका कुल कारपेट एरिया चार लाख वर्ग फुट से अधिक और बिक्री योग्य क्षेत्र 7.5 लाख वर्ग फुट से अधिक है। डीएलएफ होम डेवलपर्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक और मुख्य कारोबार अधिकारी आकाश ओहरी ने कहा कि यह परियोजना भारत में लक्जरी सेवानिवृत्ति आवास की अवधारणा को नए सिरे से परिभाषित करने की डीएलएफ की सोच को दर्शाती है।

परियोजना में आपातकालीन सहायता वाली पेशेवर रूप से संचालित चिकित्सा सुविधा भी होगी। ओहरी ने कहा कि परियोजना की मजबूत बिक्री भारत में इस क्षेत्र में प्रीमियम और बेहतर अनुभव देने वाले आवासीय विकल्पों की बढ़ती मांग को दर्शाती है। डीएलएफ ने अब तक 185 से अधिक रियल एस्टेट परियोजनाएं विकसित की हैं, जिनका कुल क्षेत्रफल 35.2 करोड़ वर्ग फुट से अधिक है।

वित्त वर्ष 2025-26 में डीएलएफ की बिक्री बुकिंग पांच प्रतिशत घटकर 20,143 करोड़ रुपये रही, जो इससे पिछले वित्त वर्ष में 21,223 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर थी। कंपनी ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 20,000 करोड़ रुपये की सालाना बिक्री बुकिंग का लक्ष्य रखा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *