AI विवाद पर राम गोपाल वर्मा ने किया पोस्ट, बोले- सेलिब्रिटीज ही बढ़ा रहे हैं आपत्तिजनक लिंक की पब्लिसिटी

AI विवाद पर राम गोपाल वर्मा ने किया पोस्ट, बोले- सेलिब्रिटीज ही बढ़ा रहे हैं आपत्तिजनक लिंक की पब्लिसिटी

Ram Gopal Varma On AI Controversy: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) द्वारा बनाए गए आपत्तिजनक मॉर्फ्ड वीडियो सोशल मीडिया पर आजकल खूब वायरल हो रहे हैं। जिसके खिलाफ बड़े-बड़े सितारे लगातार आवाज उठाते दिखते हैं। ऐसे में जाने-माने फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा (Ram Gopal Verma) ने सेलिब्रिटीज के इस मुद्दे पर ट्वीट करने के तरीके पर ही सवाल उठा दिए हैं। उन्होंने पोस्ट कर कहा है कि सेलिब्रिटीज के सोशल मीडिया पर फेक AI कंटेंट के बारे में बात करने से यह कंटेंट ज़्यादा लोगों तक पहुंचता है, जिससे विक्टिम की पहचान पर बेवजह ध्यान जाता है।

राम गोपाल वर्मा ने AI विवाद पर क्या कहा?

फिल्म ‘सत्या’ और ‘कंपनी’ जैसी बेहतरीन फिल्में बनाने वाले राम गोपाल वर्मा ने अपने ऑफिशियल प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर अपनी राय व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि सेलिब्रिटीज जब ऐसे फेक AI कंटेंट की सार्वजनिक रूप से निंदा करते हैं, तो वह अनजाने में उस आपत्तिजनक लिंक को करोड़ों लोगों तक पहुंचा देते हैं।

राम गोपाल वर्मा ने ट्वीट में लिखा, “सभी सेलिब्रिटी बस एक ही चीज में कामयाब रहे, वो है इस घटिया कंटेंट को पब्लिसाइज करना और करोड़ों लोगों का ध्यान उस तरफ खींचना। स्मार्ट बात यह होती कि चुपचाप अपराधी को पकड़ने और उसे जेल भेजने पर ध्यान दिया जाता। इसके बजाय उन्होंने ट्वीट करके पीड़िता की पहचान और उस आपत्तिजनक कंटेंट पर बेवजह बहुत ज़्यादा ध्यान खींच लिया, जो खुद में एक गलती है।”

“मातृदेवो भव की भूमि पर ऐसा काम शर्मनाक”- जूनियर एनटीआर

दूसरी तरफ, शनिवार को सुपरस्टार जूनियर एनटीआर ने इस मॉर्फ्ड वीडियो की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने इस घिनौनी हरकत को अंजाम देने वालों और इसे सोशल मीडिया पर शेयर करने वालों को ‘बीमार और बेशर्म’ करार देते हुए चेतावनी दी।

जूनियर एनटीआर ने भावुक और कड़े लहजे में लिखा, “एक ऐसी धरती पर जहां औरतों को मां और देवी की तरह पूजा जाता है, जहां ‘मातृदेवो भव’ सिर्फ एक कहावत नहीं बल्कि हमारी संस्कृति का अटूट हिस्सा है, वहां कुछ लोग इतने नीचे गिर गए हैं कि वह AI का इस्तेमाल करके एक औरत की बेहद घटिया तरीके से बेइज्जती कर रहे हैं। इस बदले हुए ‘चुट्टामल्ले’ वीडियो के पीछे के बदमाशों, मैं तुममें से किसी को भी नहीं छोड़ूंगा। मैं इसे बनाने वालों और फैलाने वालों के खिलाफ हर संभव लीगल एक्शन लूंगा।”

एनटीआर ने आम जनता और नेटिजन्स से अपील की है कि वह ऐसे कंटेंट को न देखें, न शेयर करें और न ही इसे बढ़ावा दें। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि आज यह कोई और है, कल यह किसी की माँ, बहन या बेटी हो सकती है। इसके साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार और राज्य सरकारों से AI के गलत इस्तेमाल के खिलाफ सख्त कानून बनाने की गुहार लगाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *