सावन के दूसरे सोमवार पर शिवालयों में उमड़ी आस्था:दुग्धेश्वरनाथ में तड़के 3 बजे से जलाभिषेक, अन्य मंदिरों में भी लगी कतारें

सावन के दूसरे सोमवार पर शिवालयों में उमड़ी आस्था:दुग्धेश्वरनाथ में तड़के 3 बजे से जलाभिषेक, अन्य मंदिरों में भी लगी कतारें

देवरिया। सावन के दूसरे सोमवार पर जिले के प्रमुख शिवालयों में सोमवार तड़के से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। रुद्रपुर स्थित बाबा दुग्धेश्वरनाथ, मझौलीराज के दीर्घेश्वरनाथ, देवरिया शहर के सोमनाथ और महेंद्रनाथ मंदिर सहित अन्य शिवालयों में भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालु कतारबद्ध खड़े रहे। मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र दिनभर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंजता रहा।रुद्रपुर के बाबा दुग्धेश्वरनाथ मंदिर में सुबह करीब तीन बजे से जलाभिषेक प्रारंभ हो गया। श्रद्धालुओं को पश्चिमी द्वार से कतारबद्ध होकर मंदिर में प्रवेश दिया गया। महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग प्रवेश की व्यवस्था की गई थी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और मंदिर प्रशासन के कर्मचारी लगातार निगरानी कर रहे थे।श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को जल, दूध और बेलपत्र अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
मंदिर में दिनभर भक्तों का तांता लगा रहा। दोपहर बाद रुद्राभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना भी संपन्न हुई। दर्शन-पूजन के उपरांत श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर और आसपास लगे मेले में खरीदारी भी की।सावन के दूसरे सोमवार पर जिले के अन्य शिव मंदिरों में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई। मंदिरों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन के लिए पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु मंदिर समितियों द्वारा स्वयंसेवकों को भी लगाया गया था।श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से परिवार की सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की। पूरे दिन जिले में धार्मिक और भक्तिमय वातावरण बना रहा। मंदिरों के आसपास प्रसाद, फूल-माला और पूजन सामग्री की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ उमड़ी रही। दुग्धेश्वरनाथ मंदिर में एसपी ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा श्रावण सोमवार को लेकर पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने सोमवार को दुग्धेश्वरनाथ मंदिर का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास श्रद्धालुओं की भीड़, प्रवेश-निकास व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, पार्किंग और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की स्थिति देखी।
एसपी ने पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ शालीन और विनम्र व्यवहार करते हुए सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं पर विशेष निगरानी रखने, महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा का विशेष ध्यान देने और भीड़ को व्यवस्थित रखने को कहा। किसी भी अप्रिय स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

रुद्रपुर में वाहनों का प्रवेश रोका

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए दुग्धेश्वरनाथ मंदिर के मुख्य मार्ग पर बैरिकेडिंग कर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया। यातायात को वैकल्पिक मार्गों से निकाला गया। मंदिर क्षेत्र में पुलिस, पीएसी, स्वयंसेवक और मंदिर प्रशासन के कर्मचारी व्यवस्था संभालते रहे। नगर पंचायत की ओर से मंदिर परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखी।

दीर्घेश्वरनाथ मंदिर में भी सुबह से लगी कतार

मझौलीराज स्थित प्रसिद्ध दीर्घेश्वरनाथ मंदिर में भी सुबह से श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक कर बेलपत्र अर्पित किए। श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर मार्ग, मझौली मोड़ और पुलिस चौकी के पास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। यातायात को नियंत्रित करते हुए श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित रखा गया।

कांवड़ लेकर शिवालय पहुंचे शिवभक्त रविवार शाम से बरहज, भागलपुर और सरयू नदी के विभिन्न घाटों से कांवड़ में पवित्र जल लेकर शिवभक्त जिले के प्रमुख शिवालयों के लिए रवाना हुए थे। सोमवार तड़के कांवड़िए मंदिरों में पहुंचे और विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा के लिए घाटों, प्रमुख मार्गों और मंदिर परिसरों में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस टीमों ने लगातार गश्त की और भीड़ वाले स्थानों पर निगरानी बनाए रखी। सोमनाथ और महेंद्रनाथ मंदिर में भी भक्तों की भीड़ देवरिया शहर के सोमनाथ और महेंद्रनाथ मंदिर में भी सुबह से श्रद्धालु पहुंचने लगे। भक्तों ने भगवान शिव को जल, दूध और बेलपत्र अर्पित कर पूजा-अर्चना की। मंदिरों के आसपास दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा।
प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण के इंतजाम किए गए। श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्गों का पालन करने, पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना देने की अपील की गई। सावन के दूसरे सोमवार पर जिलेभर के शिवालयों में श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा। प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्थाओं के बीच जलाभिषेक और दर्शन-पूजन का सिलसिला जारी रहा। सीसीटीवी कैमरों से शिवालयों की निगरानी सावन के दूसरे सोमवार को प्रमुख शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। मंदिर परिसरों और आसपास के संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस कंट्रोल रूम से कैमरों के जरिए श्रद्धालुओं की भीड़, प्रवेश-निकास व्यवस्था और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। मौके पर तैनात पुलिसकर्मी भी लगातार निगरानी कर रहे हैं। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को अलर्ट रखा गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बैरिकेडिंग, यातायात नियंत्रण और रूट डायवर्जन की व्यवस्था भी लागू की गई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *