नरसिंहपुर जिले के धान उत्पादन वाले सालीचौका क्षेत्र के किसान धान पंजीयन केंद्र न होने से परेशान हैं। किसानों का कहना है कि प्रशासन ने नगर में एक भी पंजीयन केंद्र नहीं बनाया है। इसके चलते आसपास के दर्जनों गांवों के किसानों को दूर स्थित केंद्रों पर जाना पड़ रहा है। वहां भीड़ बढ़ने से उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ता है। कई किसान देर रात तक इंतजार करते हैं। किसान नीलेश वर्मा, कन्हइया लाल गुप्ता और गिरजा शंकर वर्मा ने बताया कि एकमात्र केंद्र पर भी फार्मर आईडी और खसरा अपडेट न होने जैसी तकनीकी समस्याओं के कारण पंजीयन नहीं हो पा रहा है। अधिकारियों से कई बार आग्रह के बावजूद समाधान नहीं हुआ। किसानों ने प्रशासन से सालीचौका में जल्द धान पंजीयन केंद्र शुरू करने और फार्मर आईडी व खसरा अपडेट जैसी समस्याओं को तुरंत ठीक करने की मांग की है। इससे उन्हें दूर के केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

