सांसद नदवी का बयान- अखिलेश यादव बनेंगे मुख्यमंत्री:समाजवादी पार्टी एक है, डीएम से ओलावृष्टि प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाने की मांग

सांसद नदवी का बयान- अखिलेश यादव बनेंगे मुख्यमंत्री:समाजवादी पार्टी एक है, डीएम से ओलावृष्टि प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाने की मांग

रामपुर के सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने कहा कि अखिलेश यादव के रामपुर आगमन के दौरान जिन होर्डिंग्स में उनकी फोटो नहीं थी, उससे कोई फर्क नहीं पड़ता। फोटो होने या न होने के कोई मायने नहीं हैं, हम लोगों के दिलों में रहते हैं। समाजवादी पार्टी एक है और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनेंगे। सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे रामपुर के संत शिरोमणि गेस्ट हाउस में दैनिक भास्कर से बातचीत के दौरान उन्होंने यह बात कही। साथ ही बेमौसम बरसात और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाने की मांग जिला प्रशासन से की। किसानों के खेतों पर जाकर बातचीत की सांसद ने कहा कि रामपुर में बड़ी संख्या में ऐसे किसान हैं, जिन्हें फसल बर्बाद होने के बावजूद अब तक मुआवजा नहीं मिला है। जिला प्रशासन को नुकसान का सही आकलन कराकर सभी प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाना चाहिए। उन्होंने बताया कि रविवार को बिलासपुर क्षेत्र में कई किसानों के खेतों पर जाकर उनसे बातचीत की। किसानों ने अपनी परेशानी बताई तो उनकी स्थिति और नुकसान का अंदाजा हुआ। मोहिबुल्लाह नदवी ने कहा कि बिलासपुर में ओलावृष्टि से सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। कई किसानों के पूरे खेतों की फसल बर्बाद हो गई है। उन्होंने संसद में भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया है। प्रशासन को चाहिए कि प्रभावित खेतों का सही आकलन कराकर किसानों को उचित मुआवजा दिलाए, ताकि उन्हें आर्थिक राहत मिल सके। मुआवजा देने के लिए प्रक्रिया चल रही गौरतलब है कि जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने करीब 15 दिन पहले फसल नुकसान से प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया के तहत एक हजार किसानों के खातों में करीब 83 लाख रुपये भेजे थे। शेष किसानों को मुआवजा देने के लिए सत्यापन की प्रक्रिया चल रही है। इसी बीच सांसद ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जिन किसानों की फसलें बेमौसम बरसात और ओलावृष्टि से प्रभावित हुई हैं, उन्हें जल्द मुआवजा दिया जाए। उनका कहना है कि नुकसान का निष्पक्ष आकलन कराकर प्रत्येक पात्र किसान तक राहत पहुंचाई जानी चाहिए।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *