पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा सोमवार शाम 4 बजे राजगढ़ जिले में प्रवेश करेगी। यात्रा में लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रियव्रत सिंह ने सोमवार सुबह खिलचीपुर में कार्यकर्ताओं के साथ जनसंपर्क किया। वे सुबह 10 बजे राजमहल से तिरंगा झंडा और ढोल के साथ निकले। पटवा बाजार सहित नगर के अलग-अलग इलाकों में घरों और दुकानों पर पहुंचकर लोगों को पीले चावल और पत्रक देकर यात्रा में शामिल होने का निमंत्रण दिया। प्रियव्रत सिंह ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में यात्रा में शामिल होने की अपील की। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता भी उनके साथ मौजूद रहे। जनसंपर्क के दौरान लोगों को यात्रा का उद्देश्य बताते हुए इसमें भागीदारी करने का आग्रह किया गया। ‘धर्म के नाम पर भ्रष्टाचार नहीं चलने देंगे’ प्रियव्रत सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नेताओं द्वारा धर्म की आड़ में किए जा रहे कथित भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करने के लिए यह यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने कहा, “चंदा चोरी के खिलाफ आवाज उठानी है, धर्म के नाम पर भ्रष्टाचार नहीं चलने देंगे।” उन्होंने लोगों से इस मुद्दे पर आवाज उठाने और यात्रा में शामिल होने का आह्वान किया। 1 नवंबर तक जिले में रहेगी यात्रा सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा का सोमवार शाम सारंगपुर में रात्रि पड़ाव रहेगा। इसके बाद यात्रा का कार्यक्रम इस प्रकार है: 27 अक्टूबर: सुबह सारंगपुर से शुरू होकर रात में गुलावता पहुंचेगी। 28 अक्टूबर: गुलावता से रवाना होकर खुजनेर में रात्रि विश्राम होगा। 29 अक्टूबर: खुजनेर से शुरू होकर रात में करेड़ी पहुंचेगी। 30 अक्टूबर: करेड़ी से रवाना होकर रात में राजगढ़ में पड़ाव रहेगा। 31 अक्टूबर: राजगढ़ से रवाना होकर कालीपीठ पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा। 1 नवंबर: कालीपीठ से शुरू होकर गुना जिले में प्रवेश करेगी। कांग्रेस कार्यकर्ता यात्रा के दौरान लोगों से संपर्क कर रहे हैं और उन्हें इसमें शामिल होने का निमंत्रण दे रहे हैं।

