सहारनपुर में दिवाली कप 2026 में बुधवार शाम पांच बजे तक एसबीबीए की टीम ने बल्ले और गेंद से ऐसा दम दिखाया कि लगातार दो मुकाबले अपने नाम कर लिए। पहले मैच में एसबीबीए ने अल्फा जायंट्स नोएडा को शिकस्त दी, जबकि दूसरे मुकाबले में यूवी क्रिकेट अकादमी को 14 रन से हराकर जीत का सिलसिला कायम रखा। दूसरे मैच के हीरो दीपक राणा रहे,जिन्होंने 129 रन की तूफानी पारी खेलने के साथ दो विकेट भी चटकाए। उनके दमदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। पहले मुकाबले में एसबीबीए ने टॉस जीतकर अल्फा जायंट्स नोएडा को पहले बल्लेबाजी के लिए उतारा। अल्फा जायंट्स की टीम 16.4 ओवर में 173 रन पर सिमट गई। सार्थक सिंह ने 53 रन की अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि रितिक ने 22 रन बनाए। एसबीबीए के गेंदबाजों ने सटीक लाइन-लेंथ से विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। मयंक ने चार विकेट झटके,जबकि जकी मलिक ने तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजकर अल्फा जायंट्स की पारी समेटने में अहम भूमिका निभाई। 174 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसबीबीए ने आक्रामक अंदाज दिखाया। टीम ने चार विकेट खोकर 175 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।अक्षत त्यागी ने 52 रन की शानदार पारी खेली,जबकि अंगेश यादव ने 36 रन बनाकर जीत की राह आसान की।गेंद से कहर बरपाने वाले जकी मलिक को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दूसरे मुकाबले में एसबीबीए ने यूवी क्रिकेट अकादमी के खिलाफ रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 280 रन बनाए। दीपक राणा ने विपक्षी गेंदबाजों की जमकर खबर लेते हुए 129 रन ठोक दिए।अक्षत त्यागी ने भी 69 रन की आतिशी पारी खेली। यूवी की ओर से जतिन और उज्ज्वल वत्स ने दो-दो विकेट हासिल किए। 281 रन के विशाल लक्ष्य के जवाब में यूवी क्रिकेट अकादमी ने भी जोरदार पलटवार किया।अभिषेक अहलावत ने 81 और प्रशांत सूर्या ने 69 रन बनाकर मुकाबले को रोमांचक बना दिया।हालांकि एसबीबीए के गेंदबाजों ने अंतिम ओवरों में दबाव बनाए रखा और यूवी की टीम 20 ओवर में छह विकेट पर 266 रन ही बना सकी। एसबीबीए ने 14 रन से मुकाबला जीत लिया। दीपक राणा ने बल्ले के बाद गेंद से भी कमाल दिखाते हुए दो विकेट चटकाए और मैन ऑफ द मैच बने।

