सहारनपुर के पूर्व सांसद और स्वतंत्रता सेनानी बाबू मुल्कीराज सैनी की जयंती पर गंगोह रोड स्थित एमआरएस पब्लिक स्कूल में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के संसदीय कार्य राज्यमंत्री जसवंत सैनी ने कहा कि बाबू मुल्कीराज सैनी ने राजनीति में ईमानदारी, शुचिता और नैतिक मूल्यों की मिसाल कायम की। उनके लिए राजनीति सत्ता हासिल करने का नहीं, बल्कि समाजसेवा, सदाचार और सामाजिक समरसता का माध्यम थी। आज के जनप्रतिनिधियों को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर अहंकार छोड़ना चाहिए और समाज के उत्थान के लिए काम करना चाहिए। सैनी वेलफेयर फोरम, प्रगतिशील सैनी सभा और एमआरएस पब्लिक स्कूल की ओर से आयोजित समारोह में पांच विशिष्ट प्रतिभाओं को ‘बाबू मुल्कीराज सैनी अवॉर्ड-2026’ से सम्मानित किया गया। सम्मान पाने वालों में सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता सीमा समृद्धि कुशवाह, जेएनयू में रूसी भाषा के विशेषज्ञ सोनू सैनी, वर्ष 2025 में आईएएस के लिए चयनित विवेक सैनी, ऑल इंडिया सैनी सेवा समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उद्यमी दिलबाग सिंह और पानीपत की महापौर कोमल सैनी शामिल रहीं। रामपुर क्षेत्र में तीन औद्योगिक कॉरिडोर को मंजूरी मुख्य अतिथि जसवंत सैनी ने कहा कि क्षेत्र के युवाओं को बेहतर शिक्षा और रोजगार के अवसर स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि रामपुर विधानसभा क्षेत्र में तीन औद्योगिक कॉरिडोर स्थापित करने की स्वीकृति प्रदेश सरकार से दिलाई गई है। इसका उद्देश्य क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देना और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तैयार करना है। बेटियों को शिक्षित होकर अधिकारों के लिए लड़ने का संदेश सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता सीमा समृद्धि कुशवाह ने कहा कि केवल सांसद या विधायक बन जाने से समाज सशक्त नहीं होता। समाज की वास्तविक मजबूती तब आती है, जब अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद, असहाय और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की मदद की जाती है। उन्होंने बेटियों से शिक्षा हासिल करने और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महापुरुषों के विचारों से प्रेरणा लेकर ही वह बेटियों के अधिकारों के लिए संघर्ष कर रही हैं। समाजसेवा और न्याय की भावना को आगे बढ़ाने पर जोर पूर्व मंत्री डॉ. धर्म सिंह सैनी ने बाबू मुल्कीराज सैनी और पूर्व एमएलसी तेलूराम सैनी के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज की पहचान सेवा और न्याय के मूल्यों से होनी चाहिए। उन्होंने समाज के लोगों से राजनीति में सक्रिय भागीदारी बढ़ाने और अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने की अपील की। पूर्व विधायक नरेश सैनी, उत्तराखंड के राज्यमंत्री श्यामबीर सैनी और समारोह की अध्यक्षता कर रहे हरियाणा भूमि सुधार एवं विकास निगम के चेयरमैन गुरनाम सिंह सैनी ने भी बाबू मुल्कीराज सैनी के जीवन और आदर्शों को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि जयंती मनाने का उद्देश्य केवल महापुरुषों को याद करना नहीं, बल्कि उनके सिद्धांतों को जीवन में अपनाने का संकल्प लेना भी है। अतिथियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित कार्यक्रम में पूर्व मंत्री डॉ. धर्म सिंह सैनी, पूर्व विधायक नरेश सैनी, विभिन्न राज्यों के सैनी समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और भाजपा नेता शामिल हुए। अतिथियों और समाज के प्रमुख लोगों को अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न भेंट किए गए। सम्मान समारोह में एमआरएस पब्लिक स्कूल के प्रबंध निदेशक विनीत सैनी, निदेशक सुनीता सैनी, श्वेतांक सैनी, सैनी सभा अध्यक्ष अभय सैनी, पार्षद संजय सैनी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। सम्मानित प्रतिभाओं का परिचय रेखा सैनी, माया सैनी, रफल सिंह सैनी, खेमचंद सैनी और यशपाल सैनी ने दिया। कार्यक्रम का संचालन नरेश सैनी और डॉ. वीरेंद्र आजम ने किया।

