सहारनपुर के कलेक्ट्रेट परिसर में डीएम कार्यालय से महज करीब 50 कदम की दूरी पर भारतीय किसान यूनियन के नकुड़ तहसील प्रभारी विनीत चौधरी की स्विफ्ट डिजायर कार चोरी हो गई। घटना उस समय हुई, जब विनीत चौधरी समेत किसान यूनियन के पदाधिकारी डीएम से मिलने के लिए कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। कार खड़ी करने के बाद सभी डीएम कार्यालय की ओर चले गए। इसी दौरान एक युवक कार के पास पहुंचा और बिना किसी हड़बड़ी के उसका दरवाजा खोलकर कार लेकर फरार हो गया। विनीत चौधरी के मुताबिक, उनकी स्विफ्ट डिजायर कार का नंबर यूपी-11 सीडी-6203 है। वह यह कार किसी दूसरे व्यक्ति से मांगकर कलेक्ट्रेट आए थे। कार को डीएम कार्यालय के नजदीक खड़ा करने के बाद वह किसान यूनियन के अन्य पदाधिकारियों के साथ डीएम से मिलने चले गए। कुछ देर बाद जब वापस लौटे तो कार मौके से गायब थी। आसपास तलाश करने के बावजूद कार का पता नहीं चला। घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तो वारदात कैमरे में कैद मिली। फुटेज में एक युवक कार के पास आता दिखाई दे रहा है। वह आराम से कार का दरवाजा खोलता है और कार लेकर कलेक्ट्रेट परिसर से निकल जाता है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और कार की तलाश में जुटी है। कार चोरी होने के बाद भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी दोबारा डीएम से मिलने पहुंचे। पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट जैसे सुरक्षित माने जाने वाले परिसर में डीएम कार्यालय से कुछ ही दूरी पर कार चोरी होने पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि यदि कलेक्ट्रेट परिसर में ही वाहन सुरक्षित नहीं हैं तो आम लोगों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े होते हैं। किसान यूनियन ने पुलिस से जल्द कार बरामद करने और आरोपी को पकड़ने की मांग की है।

