सराफा शॉप से जेवर उड़ाने वाले चार भाई-बहन पकड़े:60 से ज्यादा CCTV खंगाले तब गिरफ्त में आए, ​बहन उलझाती, भाई समेट लेता था गहने

सराफा शॉप से जेवर उड़ाने वाले चार भाई-बहन पकड़े:60 से ज्यादा CCTV खंगाले तब गिरफ्त में आए, ​बहन उलझाती, भाई समेट लेता था गहने

ग्वालियर के सराफा बाजार की दुकानों में ग्राहक बनकर जेवर चोरी करने वाले गिरोह का कोतवाली थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गुरुवार को पुरानी छावनी इलाके से एक ही परिवार के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपी आपस में सगे भाई-बहन हैं। गिरोह तक पहुंचने के लिए पुलिस ने लश्कर से लेकर मोतीझील तक 60 से ज्यादा CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। पूछताछ में आरोपियों ने सराफा बाजार की दो दुकानों में चोरी करना कबूल किया है। पुलिस अब रिमांड लेकर उनसे अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है। ​CCTV से मोतीझील तक पहुंचा पुलिस का रूट सीएसपी लश्कर किरण अहिरवार के मुताबिक चार दिन पहले सराफा बाजार की मोर गली स्थित दिव्यांश ज्वेलर्स में एक महिला ग्राहक बनकर पहुंची थी। दुकान में जेवर देखने के दौरान उसने सोने के टॉप्स चोरी कर लिए और वहां से निकल गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दुकान और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में संदिग्ध महिला और उसके साथियों की गतिविधियां सामने आईं। पुलिस ने उनके निकलने के रूट को ट्रेस करते हुए लश्कर से मोतीझील तक 60 से ज्यादा CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। रूट के आधार पर पुलिस ने मोतीझील इलाके में घेराबंदी की और एक महिला को हिरासत में लिया। पूछताछ में उससे गिरोह के अन्य सदस्यों के द्वारकापुरी में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर बाकी तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। चारों आरोपी आपस में भाई-बहन पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हेमा पति धर्मेंद्र बरार (धानुक), रेखा पति योगेश बरार (धानुक), अंकित पुत्र पटवारी बरार और रानी पत्नी राहुल बरार (धानुक) के रूप में हुई है। चारों आरोपी एक ही परिवार के बताए गए हैं और आपस में सगे भाई-बहन हैं। ​दो सराफा दुकानों में चोरी का खुलासा पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने दिव्यांश ज्वेलर्स से सोने के टॉप्स चोरी करने की बात स्वीकार की है। इसके अलावा हेमा, रेखा और रानी ने इसी साल जनवरी में सराफा बाजार स्थित प्रभु दयाल ज्वेलर्स से सोने की चेन चोरी करना भी कबूल किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। पुलिस अब आरोपियों को रिमांड पर लेकर गिरोह से जुड़ी अन्य संभावित वारदातों और चोरी किए गए जेवर के संबंध में पूछताछ कर रही है। एसएसपी बोले- अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ जारी ग्वालियर एसएसपी धर्मवीर सिंह यादव ने बताया कि कोतवाली थाना पुलिस ने सराफा दुकानों में चोरी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चारों आपस में सगे भाई-बहन हैं। प्राथमिक पूछताछ में दो चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ है। आरोपियों को रिमांड पर लेकर अन्य संभावित घटनाओं के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *