सपोटरा नगरपालिका में वेतन भुगतान को लेकर सफाई कर्मचारियों और अधिशासी अधिकारी (ईओ) के बीच विवाद हो गया है। वेतन नहीं मिलने से नाराज कर्मचारियों ने काम बंद कर रखा है। इसी दौरान ऑटो टीपर की चाबी को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जिसका वीडियो वायरल है। सफाई कर्मचारियों का आरोप है कि वेतन मांगने पर ईओ गजेंद्र कुमार छाबड़ा उन्हें एफआईआर की धमकी देते हैं। कर्मचारियों ने अधिकारी पर मनमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि वेतन नहीं मिलने से उन्हें आर्थिक परेशानी हो रही है। वहीं, ईओ गजेंद्र कुमार छाबड़ा के मुताबिक, सफाई कर्मचारी वेतन के लिए काम बंद किए हुए हैं। उन्होंने ऑटो टीपर की चाबी मांगी तो ड्राइवर विनोद कुमार ने पहले वेतन देने की बात कहकर चाबी देने से मना कर दिया। ईओ ने धमकी देने के आरोपों को गलत बताया। इस विवाद के चलते शहर की सफाई व्यवस्था पर असर पड़ने की आशंका है। कर्मचारियों का काम बंद है।

