श्रावस्ती में गांधी-शास्त्री जयंती पर नशामुक्ति की शपथ दिलाई:क्रॉसकंट्री धावकों को सम्मान मिला, डीएम ने महापुरुषों के आदर्शों पर चलने को कहा

श्रावस्ती में गांधी-शास्त्री जयंती पर नशामुक्ति की शपथ दिलाई:क्रॉसकंट्री धावकों को सम्मान मिला, डीएम ने महापुरुषों के आदर्शों पर चलने को कहा

श्रावस्ती, मे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती शुक्रवार को जिले में धूमधाम से मनाई गई। शुक्रवार सुबह 11:00 बजे विभाग ने बताया कि कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में महापुरुषों के विचारों, सत्य-अहिंसा, मानवता और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश दिया गया। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग समेत अन्य अधिकारियों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई। वहीं, क्रॉसकंट्री दौड़ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को ट्रैक सूट देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर उनके आदर्शों को व्यवहार में अपनाने पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जन्मदिवस पर हम सभी को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लेना चाहिए। उनके विचारों को अपनाकर ही जीवन में नई ऊंचाइयां हासिल की जा सकती हैं और जिले का नाम रोशन किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि गांधीजी का मानना था कि कर्म ही पूजा है। मानवता के उत्थान और समाज के कल्याण के लिए किया गया कार्य वास्तव में पूजा के समान है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी और निष्ठा के साथ करना चाहिए। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए पूरे देश को स्वतंत्रता आंदोलन से जोड़ने का आह्वान किया। दांडी यात्रा, सत्याग्रह और असहयोग आंदोलन जैसे ऐतिहासिक आंदोलनों के माध्यम से उन्होंने ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ देशवासियों को एकजुट किया। उनके नेतृत्व में स्वतंत्रता आंदोलन को व्यापक जनसमर्थन मिला। जयंती कार्यक्रम के दौरान क्रॉसकंट्री दौड़ के पुरुष वर्ग में बॉबी राना ने प्रथम, हर्षित राना ने द्वितीय, प्रवेश ने तृतीय, किशनलाल ने चतुर्थ, रंजीत ने पंचम तथा भूषण ने षष्ठम स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में नैना द्विवेदी प्रथम, हसीबुन निशा द्वितीय, सानिया बानो तृतीय, संजना चतुर्थ, कोमल पंचम तथा निर्मला षष्ठम स्थान पर रहीं। सभी प्रतिभागियों को ट्रैक सूट देकर सम्मानित किया गया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *