सतना के रीवा रोड पर रविवार दोपहर माहेश्वरी स्वीट्स के सामने खड़ी स्प्लेंडर बाइक चोरी हो गई। आरोपी ने महज 40 सैकेंड में बाइक का लॉक तोड़ा फिर लेकर फरार हो गया। घटना दुकान के बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद हुई। फॉरेस्ट कॉलोनी निवासी ऋषिकेश पाण्डेय रविवार दोपहर अपनी बेटी के साथ माहेश्वरी स्वीट्स पहुंचे थे। उन्होंने बाइक दुकान के सामने खड़ी की। फिर खरीदारी करने चले गए। 40 सेकंड में बाइक लेकर फरार हो गया युवक इस दौरान वहां मौजूद एक बदमाश मोबाइल पर बात करने का दिखावा करता रहा। कुछ देर बाद वह बाइक के पास पहुंचा। उसपर बैठा और लॉक तोड़कर बाइक ले गया। खरीदारी कर लौटे ऋषिकेश को बाइक वहां नहीं मिली। आसपास तलाश करने के बाद उन्होंने CCTV फुटेज देखा। ऋषिकेश वन विभाग में कर्मचारी हैं। शिकायत मिलने पर कोलगवां थाना पुलिस ने बाइक चोरी का मामला दर्ज किया है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने और बाइक तलाशने में जुटी है।

