सतना में स्कूल बसों में सुरक्षा मानकों की जांच के लिए परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने शनिवार को अभियान चलाया। टीम ने 26 बसों की जांच की। नियमों का उल्लंघन मिलने पर 8 बसों के चालान किए गए। कुल ₹30 हजार जुर्माना वसूला गया। एक बस का फिटनेस प्रमाण-पत्र भी निरस्त किया गया। जांच के दौरान एक बस में इमरजेंसी दरवाजे के नीचे सीट लगी मिली। बस में अग्निशमन यंत्र की वैधता भी समाप्त हो चुकी थी। फर्स्ट एड बॉक्स नहीं था। सीट कवर फटे हुए मिले। सुरक्षा इंतजामों में कमी पाए जाने पर बस की फिटनेस निरस्त कर दी गई। पुलिस ने बताया कि तक्षशिला और बोनांजा कॉन्वेंट स्कूल की बसों की जांच की गई। तक्षशिला स्कूल की बस में इमरजेंसी गेट नहीं खुलने पर कार्रवाई की गई। बोनांजा स्कूल की 3 बसों के चालान भी किए गए। बस के पास फिटनेस-परमिट नहीं मिले
एक अन्य बस के पास फिटनेस और परमिट नहीं होने पर ₹15 हजार का शमन शुल्क वसूला गया। 5 अन्य बसों में अग्निशमन यंत्र और फर्स्ट एड बॉक्स सहित सुरक्षा इंतजामों में कमियां मिलीं। इन मामलों में कुल ₹15 हजार का राजस्व वसूला गया। बस संचालकों को सुरक्षा उपकरण रखने के निर्देश
परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने स्कूल बस संचालकों को आवश्यक दस्तावेज, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, कैमरा और पैनिक बटन सहित जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध रखने के निर्देश दिए हैं।

