400 किमी दौड़कर कांवड़ यात्रा कर रहे श्रद्धालु:50 युवा 48 घंटे में पूरी करेंगे दूरी; खेरौना में शिव मंदिर पर करेंगे अभिषेक

400 किमी दौड़कर कांवड़ यात्रा कर रहे श्रद्धालु:50 युवा 48 घंटे में पूरी करेंगे दूरी; खेरौना में शिव मंदिर पर करेंगे अभिषेक

शिवपुरी जिले के तेंदुआ थाना क्षेत्र के खेरौना गांव के ग्रामीणों ने शुक्रवार सुबह सोरों जी के कचला घाट से डाक कांवड़ यात्रा शुरू की है। सावन माह में शुरू हुई इस यात्रा में श्रद्धालु लगभग 400 किलोमीटर की दूरी 48 घंटे में दौड़कर तय करने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं। यात्रा पूरी होने के बाद 11 अगस्त को खेरौना गांव के पहाड़ वाले शिव मंदिर पर भगवान शिव को कांवड़ का जल अर्पित किया जाएगा। इस डाक कांवड़ यात्रा की मुख्य विशेषता यह है कि कांवड़ लेकर धावक लगातार दौड़ते रहते हैं। एक धावक कुछ दूरी तक कांवड़ लेकर दौड़ता है, जिसके बाद दूसरा धावक उसे संभाल लेता है। दूसरे धावक को कांवड़ तक पहुंचाने के लिए बाइक का उपयोग किया जाता है। यह क्रम लगातार चलता रहता है और कांवड़ को भगवान शिव को अर्पित होने तक जमीन पर नहीं रखा जाता है। यात्रा के दौरान यदि दल को भोजन या जलपान के लिए रुकना पड़ता है, तब भी कांवड़ लेकर चलने वाला धावक रुकता नहीं है। वह निर्धारित स्थान पर गोल घेरे में लगातार दौड़ता रहता है। बाकी श्रद्धालुओं के जलपान करने के बाद यात्रा फिर आगे बढ़ाई जाती है। इस डाक कांवड़ यात्रा के लिए खेरौना गांव के लगभग 50 से 55 युवाओं और ग्रामीणों की एक समिति बनाई गई है। यात्रा दल 7 अगस्त को खेरौना के पहाड़ वाले शिव मंदिर से रवाना होकर सोरों जी के कचला घाट पहुंचा था, जहां से शुक्रवार सुबह कांवड़ यात्रा की शुरुआत हुई। दल के साथ लगभग 10 बाइक और एक पिकअप वाहन भी चल रहा है। श्रद्धालुओं का लक्ष्य 48 घंटे में लगभग 400 किलोमीटर की दूरी तय कर 11 अगस्त को वापस खेरौना पहुंचकर पहाड़ वाले शिव मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक करना है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *