सऊदी अरब में भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी, हूती अटैक को लेकर सतर्क और घर में रहने की सलाह

सऊदी अरब में भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी, हूती अटैक को लेकर सतर्क और घर में रहने की सलाह

Saudi Arabia Advisory: सऊदी अरब में मौजूदा स्थिति को देखते हुए भारतीय दूतावास ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। दूतावास ने भारतीयों से सतर्क और सावधान रहने, जरूरत पड़ने पर घर के अंदर रहने और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक निर्देशों का पालन करने को कहा है। रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने 8 अक्टूबर को जारी एडवाइजरी में भारतीय नागरिकों से मौजूदा घटनाक्रम से जुड़े किसी भी वीडियो या खबर को प्रसारित अथवा रीपोस्ट नहीं करने की भी अपील की है। आपको बता दें कि हूती विद्रोहियों और सऊदी अरबकी ओर से लगातार एक-दूसरे पर हमले किए जा रहे हैं।

आधिकारिक चैनलों से मिलेंगे अपडेट

भारतीय दूतावास ने कहा कि रियाद स्थित दूतावास और जेद्दा में भारतीय वाणिज्य दूतावास सामान्य रूप से काम कर रहे हैं। VFS के जरिए दी जाने वाली आउटसोर्स सेवाएं भी सामान्य रूप से जारी हैं। दूतावास ने कहा कि जरूरत पड़ने पर वह आगे अपडेट और एडवाइजरी जारी करेगा। भारतीय समुदाय से आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के जरिए जानकारी लेने की अपील की गई है।

24 घंटे हेल्पलाइन भी उपलब्ध

एडवाइजरी में बताया गया है कि प्रवासी भारतीय सहायता केंद्र (Pravasi Bharatiya Sahayata Kendra-PBSK) की 24×7 हेल्पलाइन भी उपलब्ध है। भारतीय नागरिक किसी भी जरूरी सहायता के लिए टोल-फ्री नंबर 8002471234 पर संपर्क कर सकते हैं।

इन सोशल मीडिया हैंडल से लें जानकारी

दूतावास ने भारतीय समुदाय से सिर्फ आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से अपडेट लेने की अपील की है। इनमें एक्स पर @IndianEmbRiyadh, फेसबुक पर IndiainSaudiArabia, इंस्टाग्राम पर indianembriyadh और लिंक्डइन पर Embassy of India in Riyadh शामिल हैं। दूतावास ने भारतीय नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों या अपुष्ट सूचनाओं पर भरोसा करने के बजाय स्थानीय अधिकारियों और भारतीय मिशन की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी का पालन करें।

क्या है पूरा मामला?

यमन के हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के ठिकानों पर हमले किए जा रहे हैं। सऊदी अरब के समर्थन वाली यमन की सरकारी सेना ने हाल के दिनों में हूतियों के खिलाफ सैन्य कार्रवाई तेज कर दी है। इसके जवाब में हूतियों ने भी सऊदी अरब को निशाना बनाना बढ़ा दिया है। इसी सिलसिले में सऊदी अरब ने आज हूतियों के कब्जे वाले इलाकों में हवाई हमले किए। इसके कुछ ही समय बाद हूतियों ने एक बार फिर सऊदी अरब पर मिसाइल हमला कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *