सम्भल के शंकर भूषण शरण जनता इंटर कॉलेज में मंगलवार को संकुल स्तरीय कुराश प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में संकुल क्षेत्र के चार विद्यालयों के खिलाड़ी शामिल हुए। खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल में प्रधानाचार्य नरेंद्र सिंह बर्तवाल, मुकेश शर्मा, टेकचन्द्र, जयप्रीत सिंह और नरेंद्र सिंह सोलंकी शामिल थे। निर्णायकों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन कर जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन किया। कुल आठ खिलाड़ियों को जिला स्तर के लिए चुना गया है। अंडर-19 बालक वर्ग में चौधरी अतराम सिंह यादव मेमो इंटर कॉलेज, अतोरा रहटोल के शिवा (55 किलोग्राम), शेर मोहम्मद (66 किलोग्राम) और प्रशांत कुमार (50 किलोग्राम) ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में जगह बनाई। इसी विद्यालय के विकास कुमार (50 किलोग्राम), पंकज (45 किलोग्राम), अमित (66 किलोग्राम) और अजय (55 किलोग्राम) का चयन अंडर-17 वर्ग के लिए हुआ। अंडर-14 वर्ग में उच्च प्राथमिक विद्यालय खानपुर खुम्मार के निर्भय सागर ने 38 किलोग्राम भार वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिला स्तरीय कुराश प्रतियोगिता के लिए अपनी जगह सुनिश्चित की। प्रतियोगिता के समापन पर प्रधानाचार्य नरेंद्र सिंह बर्तवाल ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और संघर्ष की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने चयनित खिलाड़ियों से जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन के लिए नियमित अभ्यास और कड़ी मेहनत करने का आह्वान किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, निर्णायक मंडल के सदस्य और अन्य छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

