ललितपुर में मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार टैक्सी अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि उसकी मां और बहन सहित पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। मृतक युवक अन्नू अहिरवार (18) अपने परिवार के साथ हरियाणा के सोनीपत जिले से मजदूरी कर वापस अपने गृह जिले मध्य प्रदेश के छतरपुर लौट रहा था। यह हादसा ललितपुर में हुआ जब वे टैक्सी से अपने गांव जा रहे थे। छतरपुर जिले के थाना भंगवा के ग्राम अमरवां निवासी अन्नू पुत्र तिजाईयां अपनी 45 वर्षीय मां अंजू, बड़ी बहन रामकुंवर (22), गांव के ही हरबल पुत्र टिल्लू, सुनीता पत्नी हरबल (30) और कृष्णा पुत्री हरबल (9) के साथ दो महीने पहले सोनीपत मजदूरी करने गए थे। मंगलवार सुबह वे मालवा ट्रेन से ललितपुर पहुंचे थे। वहां से उन्होंने एक टैक्सी बुक की और अपने गांव के लिए रवाना हुए। सुबह करीब 7 बजे महरौनी मार्ग पर स्थित ग्राम मसौरा कलां के पास टैक्सी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में टैक्सी में सवार सभी लोग घायल हो गए। उन्हें मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां चिकित्सकों ने अन्नू अहिरवार को मृत घोषित कर दिया। अन्य सभी घायलों को उपचार के लिए भर्ती कर लिया गया है। घायल अंजू ने बताया कि टैक्सी चालक एक हाथ छोड़कर टैक्सी चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। मृतक के पिता ने बताया कि अन्नू तीन बहनों और दो भाइयों में सबसे छोटा था। सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

