भास्कर न्यूज़ | अमृतसर श्री श्री दरबार साहिब मैनेजमेंट ने आप विधायक मनविंदर सिंह ग्यासपुरा के खिलाफ पुलिस कमिश्नर को शिकायत देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय में जाति-आधारित भेदभाव का आरोप लगाने और सिख संस्था के बारे में आपत्तिजनक शब्दावली इस्तेमाल करने से जुड़े मामले में यह शिकायत दी गई है। शिकायत श्री दरबार साहिब के जनरल मैनेजर स. मेजर सिंह की अगुवाई में अधिकारियों द्वारा दी गई। शिकायत में कहा गया कि विधायक के आरोप तथ्यों के विपरीत हैं, जिससे सिख संस्थाओं की छवि को नुकसान और संगत की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। प्रबंधकों के अनुसार, सचिवालय में प्रवेश से रोकने का कारण जाति नहीं, बल्कि अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार और सिख संस्था प्रति पहले की गई आपत्तिजनक टिप्पणियां थीं। शिकायत में मीडिया व सोशल मीडिया पर प्रसारित बयानों से सामाजिक तनाव की आशंका भी जताई गई ।

