भास्कर न्यूज | अमृतसर भारतीय जनता पार्टी ने अपने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करते हुए विभिन्न स्टेट सेलों (प्रकोष्ठों) के कन्वीनर और को-कन्वीनरों की नियुक्ति की है। भाजपा पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष एस. केवल सिंह ढिल्लों की मंजूरी के बाद, स्टेट सेल कोऑर्डिनेटर बिक्रमजीत सिंह चीमा ने जिले के व्यापारियों, उद्योगपतियों और मजदूरों के बीच पार्टी का जनाधार बढ़ाने के लिए अमृतसर से कुल 5 नेताओं को महत्वपूर्ण पद सौंपे हैं, जिनमें 4 को कन्वीनर और 1 को को-कन्वीनर बनाया गया है। इनमें अकाली दल छोड़कर भाजपा में आए रजिंदर सिंह मरवाहा को भाजपा के ट्रेड सेल का स्टेट कन्वीनर नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, रजिंदर महाजन उर्फ पप्पू महाजन को पंजाब इंडस्ट्रियल सैल का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। उनके साथ कपिल अग्रवाल को को-कन्वीनर नियुक्त किया गया है। वहीं, अश्वनी कुमार शर्मा को पार्टी के ट्रेड यूनियन सेल का कन्वीनर और संजीव कुमार अटवाल को मजदूर सेल का कन्वीनर बनाया है। राजिंदर उर्फ पप्पू महाजन के राजनीतिक सफर में वार्ड नंबर 26 से चुनाव लड़कर करीब 35 साल बाद भाजपा को जिताना प्रमुख उपलब्धि माना जाता है। इसके अलावा, वार्ड नंबर 29 से उनकी पत्नी की जीत के जरिए क्षेत्र में पार्टी की पकड़ मजबूत होने की बात भी समर्थक बताते हैं। वह दो बार पंजाब भाजपा कार्यकारिणी के सदस्य और दो बार जिला उपप्रधान रह चुके हैं। अपनी नियुक्ति पर राजिंदर महाजन ने पार्टी हाईकमान का धन्यवाद करते हुए कहा कि वह इस दायित्व को पूरी ईमानदारी से निभाएंगे। उन्होंने कहा कि इंडस्ट्रियल सेल के माध्यम से वह उद्योगपतियों की समस्याएं, सुझाव और मांगें पार्टी नेतृत्व तक पहुंचाएंगे। वहीं, ट्रेड सेल के कन्वीनर रजिंदर मरवाहा ने भी पार्टी नीतियों को व्यापारियों तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इस दौरान अक्षय शर्मा, विक्रम सहगल, अमन शर्मा, अजय मेहरा, आशु सेठी, गोपाल कपूर, राजेश महाजन और सनी महाजन समेत कई समर्थकों ने उनके घर पहुंचकर बधाइयां दीं।

