भास्कर न्यूज | जालंधर शिव ज्योति पब्लिक स्कूल में विद्यालय प्रबंधन और प्रधानाचार्य प्रवीण सैली के नेतृत्व में विशेष प्रातःकालीन सभा आयोजित की गई। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों के मनोरंजन के साथ उनकी तर्कशक्ति को बढ़ाना बताया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने ”मैजिक शो” का आनंद लिया। जिला रेड क्रॉस सोसायटी की ओर से संजय कुमार ने आबरा का डाबरा कहते हुए जादू के करतब प्रस्तुत किए। बालवाटिका से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने रिबन से जादुई करतब, रुमाल से तिरंगा बनाना, अनूठी जादुई किताब, कान से पानी निकालना और बोतल से प्रिय वस्तु निकालना जैसे प्रयोग देखे। प्रधानाचार्य प्रवीण सैली की प्रेरणा से विद्यालय के विद्यार्थियों और स्टाफ ने जिला रेड क्रॉस सोसायटी के लिए एकत्रित अनुदान राशि भी भेजी। डॉ. विदुर ज्योति, डॉ. सुविक्रम ज्योति, उपप्रधानाचार्य रमनदीप और सहायक उपप्रधानाचार्य ममता अरोड़ा ने कहा कि ऐसे उपक्रम विद्यार्थियों को सिखाते हैं कि जादू के पीछे विज्ञान, हाथ का कौशल, मेहनत और निरंतर अभ्यास होता है।

