भास्कर न्यूज | जालंधर पटियाला स्थित महाराजा भूपिंदर सिंह पंजाब स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की ओर से आयोजित यूथ फेस्टिवल में सरकारी आर्ट्स और स्पोर्ट्स कॉलेज, जालंधर के विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में कई स्थान हासिल किए। विश्वविद्यालय के पहले यूथ फेस्टिवल में अलग-अलग कॉलेजों के प्रतिभागियों ने भाग लिया। कॉलेज के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक, साहित्यिक, लोक कलाओं और लोक खेल मुकाबलों में बड़ी संख्या में सहभागिता की। मिमिक्री और खिद्दो बनाने की कला में कॉलेज को पहला स्थान मिला। पोस्टर, कोलाज, महिलाओं के पारंपरिक गीत तथा परिधान प्रदर्शनी में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ। गिद्दा, भंगड़ा, स्किट, कविता उच्चारण, भाषण, संवाद और गीटे खेलने की कला में विद्यार्थियों ने तीसरा स्थान हासिल किया। कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. रणबीर सिंह ने विजेता विद्यार्थियों और इवेंट इंचार्जों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत और कोचों के सतत प्रयासों का परिणाम है।

