बुरहानपुर के शाहपुर में 15 दिन के भीतर दूसरे मंदिर में चोरी हुई है। फोफनार के लक्ष्मीनारायण मंदिर से गणेश और लक्ष्मीनारायण की दो प्रतिमाएं चोरी हो गईं। दोनों प्रतिमाओं का कुल वजन करीब 21 किलो बताया गया है। थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा ने बताया कि जांच में प्रतिमाएं नकली चांदी की निकलीं। इनकी कीमत करीब 35 हजार रुपए है। चोरों ने मंदिर के गेट का ताला ग्लेंडर से काटकर चोरी की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा बनाया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने मंदिर में हुई चोरी के मामले में प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। 15 दिन पहले इच्छादेवी मंदिर में हुई थी चोरी इससे पहले 12 सितंबर को शाहपुर के इच्छादेवी मंदिर से मुकुट और छत्र चोरी हुए थे। बदमाशों ने रॉड से मंदिर का ताला तोड़कर चोरी की थी। चोरी हुए मुकुट और छत्र पर चांदी की पॉलिश थी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उस मामले की जांच कर रही है।

