शामली में ज्वैलर्स की दुकान में करोड़ों की चोरी:छत काटकर घुसे बदमाश, 40 किलो चांदी और 500 ग्राम सोने के आभूषण गायब

शामली में ज्वैलर्स की दुकान में करोड़ों की चोरी:छत काटकर घुसे बदमाश, 40 किलो चांदी और 500 ग्राम सोने के आभूषण गायब

शामली के कोतवाली क्षेत्र के नाला पटरी पर मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात बदमाशों ने ज्वेलर्स की दुकान को निशाना बनाया। बदमाश दुकान की छत काटकर अंदर घुसे और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। बुधवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे संचालकों को घटना का पता चला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। मोहल्ला गुजरातियान निवासी दीपक वर्मा और हर्ष वर्मा की नाला पटरी पर ज्वेलर्स की दुकान है। बुधवार सुबह दोनों दुकान पर पहुंचे तो पड़ोसियों ने बताया कि रात में दुकान की लाइट जल रही थी और अंदर से रोशनी बाहर आ रही थी। इसके बाद दुकान का शटर खोलकर देखा तो अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि बदमाश सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए हैं। दुकान संचालकों के अनुसार, दुकान से करीब 40 से 45 किलो चांदी और 400 से 500 ग्राम सोने के आभूषण गायब मिले हैं। संचालकों ने चोरी गए आभूषणों की कीमत करोड़ों रुपये बताई है। हालांकि, चोरी गए सामान की वास्तविक कीमत का आकलन किया जाना बाकी है। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। पुलिस चोरी से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है। कोतवाली प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। बदमाशों का सुराग लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस अन्य साक्ष्य भी जुटा रही है। घटना की जानकारी मिलने पर शामली के एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *