सिद्धार्थनगर के उस्का बाजार थाना क्षेत्र में 17 साल की किशोरी को शादी का झांसा देकर ले जाने का आरोप लगा है। मामले में गांव के विकास और आकाश के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। पटखौली गांव की गीता देवी ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी 9 सितंबर की रात छत पर सो रही थी। सुबह करीब 4 बजे वह घर पर नहीं मिली। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। बाद में किशोरी घर वापस आ गई थी। इसके बाद 30 सितंबर की रात करीब 3 बजे किशोरी को विकास और आकाश द्वारा शादी का झांसा देकर ले जाने का आरोप है। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन किशोरी का कोई पता नहीं चला। इसके बाद गीता देवी ने उस्का बाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने 4 अक्टूबर को मामले में केस दर्ज किया। घटना 30 सितंबर की रात की बताई गई है। मामले की जांच उपनिरीक्षक योगेंद्र कुमार यादव को सौंपी गई है। पुलिस आरोपियों और किशोरी के बारे में जानकारी जुटाने के साथ मामले की जांच कर रही है।

