वालीबॉल चैंपियन लीग में चमके त्रेहटी के जतिन का गांव पहुंचने पर स्वागत

वालीबॉल चैंपियन लीग में चमके त्रेहटी के जतिन का गांव पहुंचने पर स्वागत

भास्कर न्यूज | पठानकोट गांव त्रेहटी उपरली (हरियाल) के होनहार वालीबॉल खिलाड़ी जतिन पड़वाल का रविवार को अपने गांव पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। वालीबॉल चैंपियन लीग में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो बार बेस्ट प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड हासिल करने वाले जतिन ने जिले का नाम रोशन किया है। नोएडा में आयोजित वालीबॉल चैंपियन लीग के मुकाबलों में टीम मराठा में खेलते हुए जतिन ने अपने बेहतरीन खेल से सबका ध्यान आकर्षित किया है। इससे पहले जतिन ने भुवनेश्वर में आयोजित 26वीं युवा राष्ट्रीय वालीबॉल चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। रविवार सुबह गांव पहुंचने पर पूर्व डिप्टी स्पीकर दिनेश सिंह बब्बू, श्री साईं इंजीनियरिंग ग्रुप के चेयरमैन एसके पुंज, गांव त्रेहटी उपरली के सरपंच सुरिन्द्र सिंह विक्की, गांव हरियाल के पूर्व सरपंच राजीव बिल्ला, गांव बुंगल के पूर्व सरपंच लाल सिंह, पूर्व सरपंच प्रमोद सिंह, समाज सेवक ठाकुर मान सिंह सहित विभिन्न गांवों के सरपंचों और गणमान्य लोगों ने जतिन का स्वागत किया। पूर्व डिप्टी स्पीकर दिनेश सिंह बब्बू ने कहा कि जतिन जैसे होनहार युवा ग्रामीण क्षेत्रों की सच्ची पहचान हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद कड़ी मेहनत और लगन से राष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल कर जतिन ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी पहचान की मोहताज नहीं होती। उन्होंने उम्मीद जताई कि जतिन भविष्य में भारतीय राष्ट्रीय वालीबॉल टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे और अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का परचम लहराएंगे। सरपंच सुरिन्द्र सिंह विक्की और एसके पुंज ने भी जतिन के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी नशों से दूर रहकर खेलों की ओर आकर्षित होने की प्रेरणा देगी। इस मौके पर जतिन ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, कोच और ग्रामीणों के निरंतर सहयोग व आशीर्वाद को दिया। उसने कहा कि उसका अगला लक्ष्य देश के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेडल जीतना है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *